Bareilly News: बिजली लाइन बिछाने के लिए खोद कर छोड़ दी सड़क
फरीदपुर। बिजली निगम की ओर से कस्बे में किसान इंटर कॉलेज के पास वाली सड़क की खोदाई की गई थी। लाइन बिछाने के बाद जिम्मेदार सड़क की मरम्मत करना भूल गए। इससे राहगीरों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। मोहल्ले वालों ने सड़क की मरम्मत कराने के लिए नगर पालिका में शिकायत दर्ज कराई है।
यह सड़क स्टेशन रोड से सराय गली को जोड़ती है। बड़ी संख्या में लोग यहां से प्रतिदिन गुजरते हैं। अंडरग्राउंड केबल बिछाने के लिए करीब 15 दिन पूर्व इस सड़क की खोदाई की गई थी। लाइन बिछाने के बाद मिट्टी डालकर गड्ढा तो भर दिया गया मगर इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। बारिश होने के बाद मिट्टी अंदर चली गई।
इससे सड़क के बीचोबीच गड्ढा बन गया है। कई बाइक सवार और सुबह टहलने के लिए जाने वाली महिलाएं यहां गिरकर चोटिल हो चुकी हैं। कई ई-रिक्शा भी पलट चुके हैं। मोहल्ले वालों ने बताया कि अगर जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो यहां बड़ा हादसा हो सकता है।
नवदिया इलाका सहोड़ा गांव के लिए जाने वाला मार्ग खस्ताहाल
फरीदपुर। नवदिया इलाका सहोड़ा गांव के लिए जाने वाली सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। यहां से गुजरने वाले स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। गांव वालों ने एसडीएम को पत्र लिखकर सड़क की मरम्मत करवाने की मांग की है।
गांव के वेद प्रकाश, आशा, रविंद्र सिंह, शिवओम शर्मा, सुषमा देवी, सतीश चंद्र, लोकेंद्र, राजेश्वर, जसवीर सिंह, रविंद्र पाल, जय सिंह, हरीश बाबू ने बताया कि सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं। बारिश का पानी भरने से गड्ढे की गहराई का पता ही नहीं चलता। गांव के कई बच्चे चोटिल भी हो चुके हैं। सड़क मरम्मत के लिए ग्रामीण कई बार मुख्यमंत्री पोर्टल के साथ अधिकारियों से भी शिकायत कर चुके हैं। संवाद



