Bareilly News: अभियंताओं के घर और दफ्तर में खर्च हो रही बिजली का दर्ज होगा लेखाजोखा
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Fri, 16 Jun 2023 02:10 AM IST
बरेली। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एमवीवीएनएल) के अभियंताओं के घरों व दफ्तरों में जो मीटर लगे हैं, उनका अभी तक कोई हिसाब-किताब दर्ज नहीं हो रहा है। अब प्रत्येक अभियंता के घर और दफ्तर में मीटर लगाने और नियमित रूप से रीडिंग लेने के आदेश दिए गए है। ताकि यह पता लग सके कि वह कितनी बिजली खर्च कर रहे हैं।
सेवारत और सेवानिवृत कर्मियों और अभियंताओं के घरों पर लगे बिजली कनेक्शन विशेष टैरिफ श्रेणी (एलएमवी-10) में थे। अब इस श्रेणी को समाप्त किया गया है। कर्मचारी संगठन इसका विरोध कर रहे हैं, लेकिन एमवीवीएनएल अपने फैसले पर अडिग है। अभियंताओं के घरों व दफ्तरों के साथ-साथ बिजली घरों पर भी मीटर लगाने और रीडिंग दर्ज करने की हर रोज समीक्षा की जा रही है। इससे बिजली अभियंताओं के घरों पर मनमाने बिजली खर्च पर लगाम लगने की उम्मीद की जा रही है। विद्युत वितरण खंड चतुर्थ के सभी अभियंताओं के घर पर मीटर लग गए है। अधिशासी अभियंता गौरव शुक्ला ने बताया कि अब सब स्टेशनों पर मीटर लगाए जा रहे हैं।
मीटर लगाने के साथ हर महीने रीडिंग लेजर में दर्ज की जाएगी। नियमित रूप से मुख्यालय को सूचना भेजी जाएगी। सभी अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिए गए हैं। – राजीव कुमार शर्मा, मुख्य अभियंता



