Bareilly News: बीए, बीएससी बायो में एडमिशन मुश्किल, गणित में प्रवेश तय
बरेली। बरेली कॉलेज में बीए और बीएससी बायो में प्रवेश के लिए छात्रों को अपनी बारी का इंतजार करना होगा, पर गणित और बीकॉम में जाे पंजीकरण हुए हैं, उनके प्रवेश तय हैं। बीए, बीएससी बायो में निर्धारित सीट से ज्यादा और बीकॉम, बीएससी मैथ में सीटों से कम पंजीकरण हुए है।
बरेली कॉलेज के पोर्टल पर अब तक 7,500 से ज्यादा आवेदन हुए हैं। इसमें बीए में प्रवेश के लिए अब तक करीब चार हजार और बीएससी जीव विज्ञान में भी निर्धारित सीट से दोगुना पंजीकरण हुए हैं। इसलिए छात्रों को प्रवेश मिलना आसान नहीं होगा। मेरिट में भी उछाल दर्ज होगा। जबकि बीएससी मैथ में निर्धारित सीट से करीब सौ पंजीकरण कम हुए हैं। बीकॉम में सीटों के सापेक्ष महज सात पंजीकरण ज्यादा हुए हैं। अगर कुछ विद्यार्थियों ने दूसरे कॉलेज में प्रवेश ले लिया तो इस पाठयक्रम में भी सीटें खाली रहने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, बरेली काॅलेज में सीट मिलने के बाद छोड़ने की गुंजाइश कम ही रहती है।
नए नियम से आसान नहीं प्रवेश की राह
बरेली कॉलेज में इस बार पोर्टल के अलावा आवेदन की हार्ड कॉपी भी जमा कराई जा रही है। इसके अलावा भारांक की मांग वाले आवेदनों की अलग से जांच हो रही है। संदिग्ध मिलने पर उनका संबंधित विभाग से सत्यापन कराने का निर्णय लिया गया है।
भारांक के करीब दो दर्जन आवेदन संदिग्ध
मुख्य प्रवेश नियंत्रक प्रो. वंदना शर्मा के मुताबिक भारांक के लिए हुए आवेदन की जांच हो रही है। अब तक करीब दो दर्जन आवेदन संदिग्ध मिले हैं। जिनकी जांच कराई जाएगी। जांच टीम में डॉ. अमित, डॉ. नीरज पाल, डॉ. आशुतोष, डॉ. अंकुर, डॉ. जसपाल शामिल हैं।
पाठयक्रम सीटें आवेदन
बीए 1,840 4,000
बीकॉम 1,040 1,047
बायोलॉजी 720 1652
बीएससी मैथ 880 798



