Bareilly News: एडवांस बुकिंग से बरातघर फुल टेंट, कैटर्स वालों की भी चांदी
बरेली। 23 नवंबर को देवोत्थान एकादशी है। यानी 72 घंटे बाद शहनाइयों का दौर शुरू होगा जो 15 दिसंबर तक जारी रहेगा। इस दौरान करीब दो हजार वैवाहिक आयोजन होंगे। देवोत्थान एकादशी पर ही शहर में 500 शादियां होने का अनुमान है। शहर के सभी बरातघर पहले से ही बुक हो चुके हैं। जिनके रिश्ते देरी से तय हुए, वे टेंट व कैटर्स के चक्कर काट रहे हैं। कारोबारियों के मुताबिक बरातघर तो छह माह पहले ही बुक हो चुके थे। अब लोग बैंक्वेट हाॅल संचालकों के चक्कर काट रहे हैं। कुछेक ने एक दिन में दो आयोजन के लिए हामी भर दी है। अन्य लोग टेंट हाउस, कैटर्स, बैंड बाजा और डीजे बुक कराए हैं। ऐसे में संभावना है कि घर के आसपास खाली मैदान, सड़क या फिर पार्कों में भी शहनाई गूंजेगी।
बरातघरों में एक दिन में दो वैवाहिक आयोजन
बैंक्वेट हॉल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष गोपेश अग्रवाल के मुताबिक शहर समेत आसपास के इलाकों में करीब 200 बरातघर हैं। इनमें 85 फीसदी बुकिंग माह भर पहले हो चुकी थी। जो बचे थे, वे भी बुक हो गए हैं। पीलीभीत रोड और मिनी बाइपास के बरातघर में एक दिन में दो-दो आयोजन होंगे।
दूल्हा-दुल्हन को सजाने के लिए पैकेज तैयार
वर-वधू को सजाने के लिए ब्यूटी पार्लर और सैलून संचालकों ने पैकेज तैयार कर लिए हैं। ज्यादातर में एडवांस बुकिंग है। बड़ा बाजार में कॉस्मेटिक के थोक कारोबारी जीशान के मुताबिक ब्रांडेड सौंदर्य प्रसाधन की मांग ज्यादा है। ब्यूटी पार्लरों में भी आठ से 20 हजार रुपये तक के पैकेज रखे गए हैं।
बैंड-बाजा और डीजे की चल रही मरम्मत
त्योहारी सीजन में जिन डीजे वालों के स्पीकर खराब हुए, वे उन्हें रिपेयर कराने में जुटे हैं। पुराना बस अड्डा स्थित इलेक्ट्रॉनिक बाजार व बटलर प्लाजा में कतार लग रही है। साउंड विक्रेता के मुताबिक डीजे में हाई बास की मांग ज्यादा है। पुराने स्पीकर में हाई बास उपकरण लगवा रहे हैं। बैंड बाजा वाले भी अपने वाद्ययंत्रों की मरम्मत करा रहे हैं।
नवंबर-दिसंबर में विवाह के शुभ मुहूर्त
ज्योतिषाचार्य के मुताबिक नवंबर में 23, 24, 27, 28 और 29, दिसंबर में 03, 04, 07, 08, 09 तिथियाें पर विवाह के शुभ मुहूर्त हैं। इन तिथियों में ही ज्यादातर वैवाहिक आयोजन होंगे। अबूझ तिथि 23 नवंबर को देवोत्थान एकादशी और 27 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर है। इन दोनों तिथियों पर शहर में करीब पांच सौ वैवाहिक आयोजन होंगे।
–
कारोबारियों ने जताई खुशीसहालग 23 से शुरू हो रहे हैं। कुछ मैरिज हालों में दो-दो वैवाहिक आयोजन होंगे। अब जो बुकिंग के लिए संपर्क कर रहे हैं, उन्हें टेंट कारोबारियों से संपर्क करने का सुझाव दिया जा रहा है। – गोपेश अग्रवाल, जिलाध्यक्ष, बैंक्वेट हॉल एसोसिएशन
बैंड-बाजा, डीजे, बग्घी सहालग के लिए बुक हैं। 23 के बाद सर्वाधिक बुकिंग 27 नवंबर को है। दोनों दिन घंटों के मुताबिक बुकिंग है। इसमें रात नौ बजे के बाद दूसरे आयोजन में पहुंचना है। – शाहिद हुसैन, अध्यक्ष, बरेली बैंड ओनर्स एसोसिएशन



