Bareilly News: 60 साल बाद कैंट बोर्ड की 85.29 लाख की भूमि कब्जामुक्त
बरेली। आखिरकार 60 साल बाद ठिरिया निजावत खां स्थित रक्षा भूमि से अवैध कब्जा हटाने में कैंट बोर्ड सफल हुआ है। सोमवार को कैंट बोर्ड की टीम ने कब्जा हटवाकर भूमि का सीमांकन कर दिया, ताकि भविष्य में कोई भूमि पर दोबारा कब्जा न कर सके।
कैंट बोर्ड के मुताबिक उसकी 0.369 एकड़ (वर्तमान कीमत 85.29 लाख रुपये) रक्षा भूमि पर वर्ष 1963 से ठिरिया निजावत खां के रहने वाले दोद राम का अवैध कब्जा था। उनके निधन के बाद बेटे हरी बाबू, लाला, ओम प्रकाश, राम औतार के कब्जे में थी। वर्ष 1999 में इसे कब्जामुक्त कराने की कवायद शुरू हुई। वर्ष 2014 में अवैध कब्जेदारों को बेदखली आदेश/इविक्शन ऑर्डर जारी हुआ था। इस पर कोर्ट ने 22 जनवरी 2015 को स्टे कर दिया था। छावनी परिषद के प्रयास से 20 अक्तूबर 2022 को स्टे निरस्त हुआ तो बेदखली आदेश फिर प्रभावी हो गया।
सोमवार दोपहर 12.30 बजे छावनी परिषद की ओर से अवैध कब्जा हटवाने की कार्रवाई सीईओ विवेक सिंह, भूमि लिपिक अशरफ अली खां, राजस्व निरीक्षक विकास गुप्ता, सफाई निरीक्षक मनोज कुमार तिवारी, सफाई अधीक्षक दीप कुमार सक्सेना, सूर्य कुमार यादव की उपस्थिति में हुई।



