बरेली

Bareilly News: तीन साल बाद गुलजार हुए बाजार, पटरी पर लौटा कारोबार

Connect News 24

बरेली। तीन साल के उतार-चढ़ाव के बाद अब कारोबार पटरी पर लौटा है। त्योहारी सीजन में खरीदारी के लिए बाजार में ग्राहकों की कतार लग रही है। नवरात्र में ही कारोबार में 15 से 20 फीसदी तक उछाल आया है। आने वाले दिनों में भी बाजार की चमक बरकरार रहेगी। बुधवार को अमर उजाला परिसर में आयोजित संवाद कार्यक्रम में मौजूद शहर के प्रतिष्ठित व्यापारियों ने ये बातें कहीं।

कारोबारियों ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान ऑनलाइन शॉपिंग का चलन बढ़ा, मगर इसमें फर्जीवाड़े के मामले बढ़ने से ग्राहकों ने दूरी बनानी शुरू कर दी। कई ऐसे मामले सामने आए जब ग्राहकों को बेहतर गुणवत्ता का सामान दिखाकर कंपनियों की ओर से घटिया उत्पाद भेज दिया गया। ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के दौरान खाते से रुपये कट गए पर कंपनी को भुगतान नहीं हुआ। फर्जी वेबसाइट और लिंक सक्रिय हो गए। इससे धोखाधड़ी के मामले बढ़ने लगे। लिहाजा, गाढ़ी कमाई को सही तरीके से खर्च करने के लिए ग्राहकों ने फिर बाजार का रुख किया है। कपड़ा, ज्वेलरी, किराना, फर्नीचर, होम डेकोरेशन, इलेक्ट्रॉनिक्स सहित अन्य उत्पादों की खरीदारी के लिए ग्राहक बाजार में पहुंच रहे हैं।

ई-व्हीकल के कारोबार में 15 फीसदी तेजी

ई-बाइक कारोबारी के मुताबिक सालभर पहले हर महीने दो से चार ई-बाइक की बिक्री होती थी। अब इसमें 10 से 15 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है। ई-बाइक और कार की मांग लगातार बढ़ रही है। सरकार की ओर से ई-बाइक पर मिल रही सब्सिडी, ईंधन के खर्च की बचत और सुरक्षित सफर की गारंटी लोगों को इस ओर खींच रही है।

ज्वेलरी, कपड़ा बाजार में भी रौनक

ज्वेलरी और कपड़ा कारोबारियों ने बताया कि ऑनलाइन शॉपिंग में क्या दिखाकर क्या बेच दिया जाएगा, यह सवाल अब ग्राहकों को परेशान करने लगा है। लिहाजा, मेहनत की कमाई कहीं फंस न जाए, इसलिए लोग देख-परखकर ही उत्पाद खरीदने लगे हैं। बताया कि ज्वेलरी के बाजार इस साल कोरोना से पहले की तरह चमका। कपड़ा बाजार में भी धूम रही।

सौर ऊर्जा के प्रति बढ़ रहा लोगों का रुझान

सौर ऊर्जा से जुड़े कारोबारियों ने बताया कि बिजली के बढ़ते बिल से राहत के लिए यह बेहतर विकल्प है। साथ ही, सरकार की ओर से मिल रही सब्सिडी और कंपनियों की ओर से ऑन कॉल रिपेयरिंग की सुविधा लोगों को लुभा रही है। परेशानी न हो, इसके लिए लोगों को चाइनीज और जुगाड़ से तैयार सोलर पैनल, बैटरी से बचाव की अपील कारोबारियों ने की है।

ये व्यापारी रहे मौजूद

कृष्णा ऑटोमोइल्स से शुभम अग्रवाल, रामा आटॉमोबाइल्स से सत्यम गोयल, इटर्नल टाइल्स वर्ल्ड से शोभित कपूर, पार्थ ज्वैलर्स से उदित गोयल, जसोरिया ब्रदर्स से अभय जसोरिया, कुमार काष्ठ कलाकृति केंद्र से सौरभ बंसल, राममूर्ति लाल जमींदार से पंकज गुप्ता, ओकाया उज्ज्वल ऑटो से आशीष अग्रवाल, काशी नाथ सेठ ज्वैलर्स से बद्री नारायण मिश्रा, अभिषेक मेहरोत्रा, बांके बिहारी ऑटो से पंकज अग्रवाल, एकेसी हुंडई से हरमोहन मेहता, अरुण, फैशन प्वॉइंट से मनजीत सिंह बिट्टू।

दूर हों समस्याएं तो और बढ़ेगी रंगत

– स्मार्ट सिटी के अव्यवस्थित निर्माण कार्य।

– ट्रैफिक जाम और बैरिकेडिंग की समस्या।

– नकली और घटिया उत्पादों पर लगे अंकुश।

– विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर लगे अंकुश।

– सर्वे के नाम पर व्यापारियों के उत्पीड़न बंद हो।

व्यापार में आ रही तेजी की वजहें

– अधिकारों के प्रति ग्राहकों में बढ़ रही जागरूकता।

– गाढ़ी कमाई को सही जगह खर्च करने की चाहत।

– रोजगार बढ़ने से लोगों की खरीदारी क्षमता बढ़ी।

– ई-शॉपिंग से ठगे जाने की आशंका से बचाव।

– मोल-भाव की गुंजाइश, वापसी की सहूलियत।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button