बरेली

Bareilly News: साड़ी से गला कसकर एक और महिला की हत्या

Connect News 24

मीरगंज (बरेली)। शाही और उससे सटे इलाकों में महिलाओं की हत्या का सिलसिला जारी है। अब शीशगढ़ के गांव जगदीशपुर में 57 वर्षीय उर्मिला की साड़ी से गला कसकर हत्या कर दी गई। वह भी चारा लेकर खेत से लौट रही थीं। क्षेत्र में यह इस तरह की नौवीं घटना है। एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

गांव निवासी वेदप्रकाश गंगवार की पत्नी उर्मिला देवी रविवार दोपहर ढाई बजे घर से खेत पर पशुओं का चारा लेने गई थीं। इसके बाद वह नहीं लौटीं। जाफरपुर से लौटे वेदप्रकाश व उनके बेटे चंद्रपाल ने शाम के वक्त उर्मिला की तलाश की। वह खेत पर नहीं मिलीं तो चंद्रपाल घर की ओर लौट रहा था। गांव से 400 मीटर दूर डोरीलाल के खेत के करीब पहुंचा तो सड़क के किनारे मां की टूटी चूड़ियां दिखीं। वह खेत में घुसा तो 15 कदम बाद उर्मिला का शव मिला। साड़ी के फंदे से गला कसा हुआ था। जीभ बाहर निकली हुई थी। सिर पर एक ओर चोट लगने से खून बह रहा था। नाक से भी खून निकला हुआ था। चारे की गठरी पास में पड़ी थी।

यह देखकर उसने पिता व ग्रामीणों को बुला लिया। शीशगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंची। एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने भी मौका मुआयना किया। डॉग स्क्वॉड व फोरेंसिक टीम बुलाई गई। एसएसपी ने पुलिस व एसओजी को जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए।

डॉग स्क्वॉड से मिले इनपुट के आधार पर एक संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है। अभी वह नशे की हालत में हैं। उसके होश में आने का इंतजार किया जा रहा है। – घुले सुशील चंद्रभान, एसएसपी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button