बरेली

Bareilly News: बंदरों के कूदने से गिरा छज्जा, युवक की मौत

Connect News 24

सिरौली। कस्बे की पूर्वी बाजार में बंदरों के कूदने की वजह से दो मंजिला मकान का छज्जा भरभराकर गिर गया। उसकी चपेट में आकर युवक घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मोहल्ला घेर निवासी इकबाल हलवाई हैं। उनका बेटा रिजवान (25) सोमवार देर रात करीब 11 बजे जरूरी काम से कस्बे की पूर्वी बाजार आया था। वह एक दो मंजिला मकान के नीचे खड़ा था। बंदरों के कूदने से मकान का छज्जा अचानक से गिर गया।

सिर में चोट लगने से रिजवान घायल हो गया। हादसे के बाद वहां भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। गंभीर हालत में रिजवान को बरेली के एक अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को शव घर लाया गया। इस दौरान लोगों की भीड़ मृतक के घर के बाहर जमा हो गई।

तीन साल पहले लापता हो गया था बड़ा बेटा

इकबाल हलवाई का काम करते हैं। उनके चार बेटे और दो बेटियां थीं। बड़ा बेटा तीन साल पहले उर्स के मेले से लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका सुराग नहीं लगा। अब हादसे ने उनसे दूसरा बेटा भी छीन लिया।

भवन स्वामी पर कार्रवाई की मांग

पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर भारी भीड़ मृतक के घर के बाहर जमा हो गई। कुछ लोग मकान स्वामी से मुआवजा लेने की मांग करने लगे। भीड़ जुटती देख पुलिस भी सतर्क हो गई। देर शाम इकबाल अहमद ने भवन स्वामी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि छज्जा जर्जर हालत में था। कई बार इसे तोड़ने के लिए कहा गया मगर भवन स्वामी ने ध्यान नहीं दिया। इसी वजह से हादसा हो गया। उन्होंने आरोपी पर कार्रवाई की मांग उठाई। पुलिस ने समझाकर लोगों को शांत किया।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button