Bareilly News: सड़कों पर बैंडबाजा बरात, जाम से जूझा आधा शहर
बरेली। देवोत्थान एकादशी पर सहालग के पहले ही दिन सड़कों पर भीषण जाम के हालात बने। शहर से बदायूं, पीलीभीत और बीसलपुर की ओर जाने वाली सड़कों पर बराती झूमते रहे। दूसरी ओर, आधा शहर जाम से जूझता रहा। जाम की स्थिति बनी तो राहगीरों व अन्य वाहन उसमें घंटों फंसे रहे। मदद के लिए मौजूद पुलिस भी कई बार असहाय सी नजर आई।
बैंक्वेट हॉल एसोसिएशन बरेली के जिलाध्यक्ष गोपेश अग्रवाल के मुताबिक देवोत्थान एकादशी के शुभ मुहूर्त और अबूझ तिथि 500 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। पीलीभीत बाइपास, मिनी बाइपास, स्टेडियम रोड, बदायूं रोड की ओर स्थित बरातघर समेत जिले के लगभग सभी बरातघर बुक रहे। एसोसिएशन से जुड़े जिले के 200 बरातघरों की अन्य शुभ मुहूर्त में भी एडवांस बुकिंग है।
पीलीभीत रोड पर रात नौ बजे के बाद भीषण जाम की स्थिति बनी। सतीपुर चौराहे से ही आगे तक सड़क पर बरातें निकल रही थीं। डोहरा मोड़ से सौफुटा तक स्थिति ज्यादा विस्फोटक रही। यहां आगे बढ़ने के लिए रास्ता खोजने में बाइक सवारों को भी दिक्कत हो रही थी। इस बीच डोहरा मोड़ के पास ट्रक की टक्कर से बरात में शामिल कार का शीशा टूट गया। कार से निकले लोग काफी नशे में थे। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए कार बीच सड़क पर लगा दी। फिर ड्राइवर को ट्रक से खींच लिया और उसकी पिटाई कर दी। इस बीच बरात से ही कुछ संभ्रांत लोगों ने आकर ड्राइवर को छुड़ाकर ट्रक को आगे बढ़वाया। थोड़ी ही देर में पुलिस पहुंच गई पर तब तक मामला निपट चुका था। पुलिस को जाम खुलवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
जाम की सर्वाधिक विभीषिका बदायूं रोड पर दिखाई दी। चौपुला पुल से उतरते ही गन्ना मिल से करगैना तक सड़क पर बरातें दिखाई दीं। बैंडबाजों के शोर के साथ ही रोड की दोनों साइड पर वाहन फंसे हुए थे। इसमें यात्री वाहनों के साथ ही जरूरी काम से निकले लोग भी फंसे हुए थे। एंबुलेंस में लेटे मरीजों को दिक्कत हुई तो पुलिस ने किसी तरह से उन्हें निकलवाया। एक जगह दुल्हन भी जाम में फंसी रही। पार्लर से तैयार होकर कार में देर तक बैठी रही दुल्हन को मजबूरी में उसके परिजन बाइक से ले गए। जाम खुलवाने के लिए कई जगह पुलिस मौजूद थी पर बैंडबाजों के शोर और सुरूर में लोग पुलिस की बात अनसुनी करके थिरक रहे थे।
बदायूं रोड की चौड़ाई बढ़ाकर अब उसे टूलेन कर दिया गया है। इसके बावजूद सहालग के दिनों में यहां जाम से संकट की स्थिति बनी ही रहती है। यहां रोड के दोनों ओर कई बरातघर हैं। इनमें से अधिकतर के सामने पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में वाहनों को सड़क किनारे ही पार्क किया जाता है। इससे भी बरात निकलने के वक्त रास्ता घिर जाता है। हर बार इन बरातघरों को नोटिस देने की बात कही जाती है पर इससे आगे कुछ नहीं हो पाता है।
बदायूं व पीलीभीत रोड पर बरातों की वजह से जाम लगने की सूचना मिली थी। वहां पहले से पुलिस तैनात थी, बाद में और स्टाफ को भेजा गया। बरातों के साथ ही सामान्य वाहनों को भी निकलवा दिया गया। – राहुल भाटी, एसपी सिटी



