Bareilly News: ट्रेड शो में चमक बिखेर रहे बरेली के उत्पाद
बरेली। नोएडा में बृहस्पतिवार से शुरू हुए यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में बरेली के 24 उद्यमियों के स्टॉल भी सज गए हैं। पहले दिन शुभारंभ के चलते शो में लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित रही, लेकिन अगले चार दिन तक देश और दुनियाभर से आए विशेष मेहमान बरेली के उत्पादों से रूबरू होंगे।
संयुक्त आयुक्त उद्योग सर्वेश्वर शुक्ला के मुताबिक 21 से 25 सितंबर तक ट्रेड शो में बरेली से एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) के 12 और सूक्ष्म लघु और मध्यम इंटरप्राइजेज (एमएसएमई) के आठ स्टाॅल समेत दो महिला उद्यमी और दो नियमित निर्यातक प्रतिभाग कर रहे हैं।
फोटो : बातचीत
मेगा ट्रेड शो जैसे आयोजन बेहद जरूरी हैं। हमने हैंडीक्राफ्ट, जरी जरदोजी, गारमेंट्स, पर्स आदि प्रदर्शित किए हैं, जो पसंद आएंगे। – फैजल, सबरीना एक्सपोर्ट
पहले दिन सभी उद्यमियों का एक-दूसरे से परिचय हुआ। हमने बांस बेंत से बनाए गए माल प्रदर्शित किए हैं। कहीं कोई दिक्कत नहीं हुई। – जमीर बेग, मिर्जा केन हैंडीक्राफ्ट
एंब्रॉयडरी बैग्स का स्टॉल लगाया है। बड़े ब्रांड के निर्यातक संपर्क करते हैं। ऑर्डर पर कारीगर सामान तैयार कर उन्हें उपलब्ध कराते हैं। – अभिनव गुप्ता, हाइड एंड सूटर एग्जिम
इलेक्टि्रकल पैनल बोर्ड, क्वॉयल और केबल को ट्रेड शो में प्रदर्शित किया है। देश के 24 राज्यों में हमारे उत्पाद निर्यात होते हैं। – तनुज भसीन, गौरव एनर्जेन इंडिया



