बरेली

Bareilly News: मेन गणित के लिए बेसिक के विद्यार्थियों को नहीं देनी होगी कोई परीक्षा

Connect News 24

बरेली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने गणित के विद्यार्थियों की सुविधा बढ़ा दी है। कोविड के बाद इस सत्र में भी बेसिक गणित से पास हुए 10वीं के विद्यार्थी कक्षा 11वीं में बिना कोई परीक्षा दिए मेन गणित ले सकते हैं।

सीबीएसई की ओर से 2018-19 के सत्र में कक्षा 10वीं से ही गणित को दो भाग में विभाजित कर दिया गया था। 9वीं में छात्र-छात्राएं बेसिक व स्टैंडर्ड गणित में से किसी एक का चयन करते थे। इसकी परीक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में होती थी। सीबीएसई कॉर्डिनेटर वीके मिश्रा ने बताया कि प्रक्रिया के नियमानुसार बेसिक गणित वाले विद्यार्थी 11वीं में मेन गणित नहीं ले सकते थे।

उन्हें इसके लिए जुलाई में होने वाली पूरक परीक्षा देनी होती थी। मेन गणित के लिए स्टैंडर्ड गणित से उत्तीर्ण होना अनिवार्य था। परीक्षा न देने पर उनके लिए अप्पलाइड गणित का विकल्प ही बचता था। कोरोना काल में बोर्ड की ओर से यह अनिवार्यता हटा दी गई थी।

इस सत्र में बोर्ड ने इस परिवर्तन को बरकरार रखा है। इससे 10 वीं में बेसिक गणित लेने वाले विद्यार्थी भी बिना कोई अतिरिक्त परीक्षा दिए 11-12 कक्षा में मेन गणित की पढ़ाई कर सकते हैं।

यह है फर्क

10वीं में स्टैंडर्ड और 11वीं में मेन गणित विज्ञान से जुड़ी हुई होती है। यह उन विद्यार्थियों के लिए बनाई गई है, जो विज्ञान विषय से संबंधित स्नातक की पढ़ाई जैसे की इंजीनियरिंग, बीएससी आदि करना चाहते हैं। वहीं, 10वीं में बेसिक और 11वीं में अप्पलाइड गणित में विज्ञान संबंधित भाग को हटा दिया जाता है। इससे विज्ञान विषय न चुनने वाले विद्यार्थियों का गणित के चलते परिणाम खराब नहीं होता है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button