बरेली

Bareilly News: बीडीए की टीम ने अवैध कॉलोनियों पर चलाया बुलडोजर

Connect News 24

बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण की टीम ने बिचपुरी, फरीदापुर इनायत खां व पहाड़गंज में शनिवार को 46 बीघा जमीन में बसाई जा रही अवैध काॅलोनियों पर बुलडोजर चला दिया।

बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने बताया कि बिचपुरी में शिव मंगल सिंह व बादाम सिंह 10 बीघा जमीन में अवैध तरीके से कॉलोनी विकसित कर रहे थे। बिजली के खंभे लगा दिए थे। भूखंडों की बिक्री के लिए साइट ऑफिस भी बना लिया था। जब टीम पहुंची तो मौके पर मौजूद लोग बीडीए की स्वीकृति से संबंधित कोई साइट प्लान प्रस्तुत नहीं कर सके। इसलिए अवैध कब्जे गिरा दिए गए।

पहाड़गंज में अकील अहमद, वाजिद अली व कुछ अन्य लोग आठ बीघा में अवैध कॉलोनी बसा रहे थे। इसे भी बीडीए की टीम ने ध्वस्त करा दिया। फरीदापुर इनायत खां में आबिद अली व अन्य लोगों ने 28 बीघा में अवैध काॅलोनी विकसित करने के लिए भूखंडों की नींव भरवाई थी। नाली और सड़क के साथ साइट ऑफिस भी बना लिया था। तीनों कालोनियों के विरुद्ध उप्र नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 के तहत ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। प्राधिकरण के सहायक अभियंता हरीश कुमार, अवर अभियंता सुनील गुप्ता, एसके सिंह मौजूद रहे।

शिकायत के बाद नगर निगम की टीम ने चौपुला पुल से बिहारीपुर चौकी तक अतिक्रमण हटवाया। नगर निगम की टीम ने कार्रवाई शुरू की तो कई दुकानदारों ने अपने कब्जे खुद हटा लिए। सड़कों के किनारे अतिक्रमण की शिकायत जनसुनवाई पोर्टल पर की गई थी। नगर आयुक्त ने अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। अभियान का नेतृत्व जयप्रकाश गंगवार ने किया। प्रवर्तन दल प्रभारी जयपाल सिंह पटेल मौजूद रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button