Bareilly News: बंद रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन से टकराई बाइक, चालक भागा
मीरगंज (बरेली)। नगरिया सादात स्टेशन से आगे रामपुर की ओर ओवरब्रिज बनने से बंद रेलवे क्रॉसिंग पर रविवार को पटरी पार कर रहा एक व्यक्ति ट्रेन आती देखकर अपनी बाइक छोड़कर भाग गया। चालक ने ट्रेन को रोक दिया, जबकि बाइक चालक भाग गया। इस घटना से तीन रेलगाड़ियां प्रभावित हुईं।
ट्रेन संख्या 13152 कोलकाता एक्सप्रेस मिलक से चलकर समय दोपहर 12:33 बजे आई। तभी एक व्यक्ति मोटरसाइकिल के साथ रेल पटरी पार कर रहा था। अचानक ट्रेन आती देख वह बाइक छोड़कर भाग गया और ट्रेन से टकराकर मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। चालक ने ट्रेन रोककर स्टेशन मास्टर को सूचना दी। उन्होंने कंट्रोल रूम को जानकारी दी और रामपुर आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार मीणा, उप निरीक्षक शैलेंद्र राणा अधीनस्थों के साथ दोपहर डेढ़ बजे मौके पर पहुंचे। मौके पर काले रंग की बाइक क्षतिग्रस्त पड़ी मिली। ट्रेन के इंजन में कोई नुकसान नहीं हुआ।
सूचना पर पौने तीन बजे रेलवे के यातायात निरीक्षक संतोष चौधरी, दिनेश चंद्र और धर्मेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंच गए। बाइक को ट्रैक से हटाकर ट्रेन को रवाना किया। इस दुर्घटना के कारण कोलकाता एक्सप्रेस 20 मिनट, ट्रेन संख्या 15910 अवध-असम एक्सप्रेस 28 मिनट और 12238 जम्मू तवी एक्सप्रेस करीब आठ मिनट प्रभावित हुई।
मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर रेलवे एक्ट के तहत अज्ञात के खिलाफ आरपीएफ थाना रामपुर में रिपोर्ट दर्ज की गई है। प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार मीणा ने बताया कि बाइक नंबर के आधार पर अभियुक्त को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।



