Bareilly News: बाइक सवार दंपती से नकदी-जेवर लूटे
हाफिजगंज। चौखड़ी और तिविरया गांव के बीच बाइक सवार दंपती से बदमाशों ने तमंचे के बल पर नकदी, जेवर और मोबाइल फोन लूट लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी दूर तक कॉबिंग की मगर बदमाश हाथ नहीं आए। तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
बहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव कुलुआडांडा निवासी अंबा प्रसाद ने बताया कि पत्नी अनीता देवी को दवा दिलाने के लिए बाइक से भुता थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर डंडिया जा रहे थे। दोपहर करीब 11:40 बजे चौखड़ी गांव की पुलिया से थोड़ा आगे दो बाइक पर आए चार बदमाशों ने उनकी बाइक रुकवा ली। जब तक वह कुछ समझ पाते दो बदमाशों ने पत्नी पर तमंचा तान दिया।
धमकाकर उन्होंने पत्नी से पहने हुए जेवर उतरवा लिए। इसके बाद पर्स में रखे पांच हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। लूटपाट करने के बाद बदमाश धमकी देते हुए तिवरिया गांव की ओर भाग गए। राहगीरों से मोबाइल लेकर उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। बदमाश हाथ नहीं आए। इंस्पेक्टर चेतराम वर्मा ने बताया कि तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।
दंपती से नकदी-जेवर लूटे
रामनगर/आंवला। बारीखेड़ा गांव के पास बाइक सवार तीन बदमाश दंपती से नकदी और जेवर लूट ले गए। रामनगर क्षेत्र के गांव हरदासपुर के रहने वाले संजय ने बताया कि लीगंज क्षेत्र के बरासिरसा गांव में उनकी ससुराल है। पत्नी तीज मनाने के लिए मायके आई थी। सोमवार को वह पत्नी को घर ले जा रहे थे। बाइक पर बहन भी बैठी हुई थी। बारीखेड़ा गांव के पास रपटा पुल पर तीन बदमाशों ने बाइक रुकवाकर नकदी और जेवर लूट लिए। कोतवाल सतीश कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। संवाद



