Bareilly News: परिचित युवती को परीक्षा दिलाने ले जा रहे बाइक सवार की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Wed, 28 Jun 2023 01:35 AM IST
फरीदपुर। भुता-फरीदपुर रोड पर बाईपास के पास हुए सड़क हादसे में ढकनी गांव निवासी बदरुल हसन (50) की मौत हो गई। वह अपनी परिचित युवती को वीडीओ की परीक्षा दिलाने फरीदपुर जा रहे थे। युवती को भी चोटें आई हैं।
ढकनी गांव के बदरुल हसन का बेटा साहिल खां पुलिस में है। इस समय उसकी पोस्टिंग मुरादाबाद में है। साहिल के मित्र की बहन तबस्सुम ने वीडीओ परीक्षा का फार्म भरा था। उसका सेंटर फरीदपुर के एक कॉलेज में पड़ा था। परीक्षा देने के लिए वह एक दिन पहले ही मुरादाबाद से ढकनी आ गई थी। मंगलवार सुबह बदरुल हसन बाइक से उसे परीक्षा केंद्र छोड़ने जा रहे थे। भुता-फरीदपुर मार्ग पर जैसे ही वह अंडरपास के निकट पहुंचे, पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया।
हादसे में बदरुल की मौके पर ही मौत हो गई। तबस्सुम को भी चोटें आईं। टक्कर के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने तबस्सुम को अस्पताल पहुंचाया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।



