बरेली

Bareilly News: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दोस्तों की मौत

Connect News 24

हाफिजगंज (बरेली)। बरेली-पीलीभीत हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दोस्तों को कुचल दिया। टक्कर लगने के बाद एक युवक ट्रक के पहियों में फंसकर करीब 100 मीटर तक घिसटता चला गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर जाम भी लग गया।

पीलीभीत के थाना बरखेड़ा के गांव नत्थू रम्पुरा निवासी प्यारेलाल (22) कपड़े की जैकेट बनाने का काम करते थे। मंगलवार को वह अपने दोस्त अमखड़िया निवासी वीरेंद्र (25) के साथ जैकेट बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान खरीदने के लिए बरेली जा रहे थे। राजघाट गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर लगने के बाद वीरेंद्र ट्रक के पहिये में फंसकर घिसटते चले गए।

हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने कुछ दूरी पर ट्रक को रोक लिया। इस दौरान चालक फरार होने में कामयाब हो गया। घटनास्थल पर प्यारेलाल का टूटा हुआ मोबाइल फोन मिला। उसका सिम दूसरे फोन में लगाकर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। प्यारेलाल के पिता ब्रह्मानंद ने बताया कि दो साल पहले ही बेटे की शादी हुई थी।

सड़क पर बिखरे शरीर के अंग

पहिये में फंसकर घिसटने की वजह से वीरेंद्र का शव क्षत-विक्षत हो गया। हादसे वाली जगह पर करीब 50 मीटर तक शरीर के अंग बिखरे हुए थे।

एक घंटे बाद खुला जाम

हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रभारी निरीक्षक चेतराम वर्मा ने दोनों युवकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। इसके बाद जाम खुलवाने के प्रयास शुरू हुए। करीब एक घंटे बाद यातायात सुचारु हुआ।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button