Bareilly News: बिशप कैंट, डीपीएस, चिक्कर और क्रिएथिक्स की टीमें चैंपियन
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Sun, 29 Oct 2023 02:01 AM IST
बरेली। इंडिपेंडेंट स्कूल एसोसिएशन की ओर से स्पोर्ट्स वीक के तहत आयोजित तीन दिवसीय बास्केटबाॅल प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। इसमें बिशप कैंट, डीपीएस, चिक्कर और क्रिएथिक्स स्कूल की टीमें अलग-अलग वर्गों में चैंपियन रहीं। जूनियर बालक वर्ग के फाइनल में बिशप कैंट की टीम ने मानस स्थली की टीम को मात दी। जूनियर बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में बेदी इंटरनेशनल की टीम को मात देकर क्रिएथिक्स स्कूल की टीम ने ट्रॉफी अपने नाम की।
सीनियर बालक वर्ग के फाइनल में बिशप कैंट की टीम को हराकर डीपीएस की टीम चैंपियन बनी। सीनियर बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में मानस स्थली की टीम को हराकर चिक्कर इंटरनेशनल की बेटियों ने जीत का परचम लहराया। इससे पहले विद्यालय के प्रधानाचार्य योहान कुंवर और मुख्य अतिथि पारुष अरोड़ा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक रवि प्रकाश अग्रवाल, उप प्रधानाचार्य संयोगिता चौधरी, एसोसिएशन के अध्यक्ष निर्भय बेनीवाल, कोषाध्यक्ष डॉ. अंकित बग्गा, योगेंद्र खान समेत अन्य लोग मौजूद रहे।



