बरेली

Bareilly News: रक्षासूत्र से सजाई भाई की कलाई

Connect News 24

आंवला। भाई-बहन के अटूट प्रेम का पर्व रक्षाबंधन बृहस्पतिवार को उल्लास से मनाया गया। बहनों ने शुभ मुहुर्त में भाइयों को तिलक लगाकर उनकी कलाई पर स्नेह की डोर बांधी, फिर मुंह मीठा कराया। भाइयों ने भी बहनों को नेग देने के साथ उनकी रक्षा का संकल्प लिया। घरों में पकवान बनाए गए।

ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के स्थानीय सेंटर की संचालिका दीपा बहन ने चेयरमैन सैयद आबिद अली, रिटायर्ड प्रवक्ता व शायर आफताब अहमद खान, महफूज खुसरो व सामाजिक कार्यकर्ता संजीव गुप्ता के हाथों में रक्षासूत्र बांधकर सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश की। थाना परिसर में इंस्पेक्टर व अन्य पुलिसकर्मियों को राखी बांधी गई। इस दौरान अमित शर्मा, रामबहादुर, घनश्याम वर्मा आदि मौजूद रहे।

बिशारतगंज में रेलवे लाइन के दूसरी ओर स्थित बाबा मुरली दास मनी पर आल्हा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आल्हा सुनने वालों की भारी भीड़ रही। बहेड़ी क्षेत्र में नैनीताल हाईवे के किनारे जगह-जगह मिठाई और राखियों की दुकानें सजी दिखीं। भोजीपुरा मे मिठाइयों और राखियों की दुकानों पर भारी भीड़ रही। भाई के घर जाने के लिए बहनें वाहन की तलाश में भटकती दिखी।

पशुधन मंत्री ने कार्यकर्ताओं को बांधी गाय के गोबर से बनी राखी

पशुधन व अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री धर्मपाल सिंह ने बृहस्पतिवार को स्टेशन रोड स्थित कार्यालय पर कार्यकर्ताओं को गाय के गोबर व मूत्र से बनीं राखियां बांधीं। इसके बाद वह मोहल्ला खेड़ा में स्वच्छता प्रहरियों को राखी बांधने पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह त्योहार हमें एक-दूसरे की रक्षा करने का संकल्प दिलाता है। पूर्व चेयरमैन संजीव सक्सेना, पान सिंह लोधी, हरीश चौहान, रामनिवास मौर्य, वीर पाल सिंह, अभय सक्सेना, इंद्रभान सिंह, लईक अहमद अंसारी आदि मौजूद रहे।

महिलाओं ने तालाब में प्रवाहित की जौ की भुजरिया

रक्षाबंधन पर मोहल्ला विलायतगंज में भुर्जी समाज नवयुवक सेवा समिति की ओर से रक्षाबंधन मेले का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन समाजसेवी निहाल सिंह लोधी ने किया। इस दौरान उन्होंने भगवान के वामन अवतार की कथा सुनाई। परंपरा के अनुसार महिलाओं ने हरियाली तीज पर घर में बोई गई जौ की भुजरिया को तालाब में प्रवाहित किया। महिलाओं व बच्चों ने दुकानों पर जमकर खरीददारी की। गुलजारी लाल चंद्रा, राजपाल, चंद्रभान, विकास व विनोद आदि मौजूद रहे। भमोरा के खेड़ा गांव में बाझा नदी के तट पर मेला लगाया गया।

मिठाई की दुकानों पर रही भीड़भाड़

नवाबगंज। रक्षाबंधन पर्व पर बाजार में राखी, मिठाई और फलों की दुकानों पर भारी भीड़ रही। दोपहर बाद तक बाजारों में भीड़भाड़ की स्थिति रही। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर राखी बांधी। बहनों की मजबूरी का फायदा उठाकर डग्गामार वाहन के चालकों ने भी मनमाना किराया वसूला। टेंपो, बसों में भीड़ के चलते बहनों को सीट मिलने में परेशानी हुई। रिठौरा क्षेत्र के भड़सर, बंजरिया, सावरखेड़ा, मुंडिया अहमदनगर, चावढ़, सिंघाई नवदिया आदि गांवों में घरों पर पकवान बनाए गए। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button