बरेली

Bareilly News: सोने की ईंट बेचने का झांसा देकर ठगे 1.30 लाख

Connect News 24

संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली

Updated Thu, 10 Aug 2023 02:24 AM IST

हाफिजगंज। सोने की ईंट बेचने का झांसा देकर ठगों ने पीलीभीत और रुद्रपुर के रहने वाले दो युवकों से 1.30 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ितों ने दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस को सौंपा है। तहरीर पर चार नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

पीलीभीत के थाना अमरिया के गांव कैमोर के रहने वाले रवि कुमार और ऊधमसिंह नगर की तहसील रुद्रपुर के गांव सिमला पिशतौर के रहने वाले मुन्नालाल ने बताया कि वह रुद्रपुर की एक फैक्टरी में नौकरी करते हैं। बहेड़ी के गांव अलसिया भोज का रहने वाला गंगाराम भी साथ में काम करता है। गंगाराम ने कहा कि उसके परिचित एक व्यक्ति के पास सोने की ईंट है। वह उसे बेचना चाहता है।

उन्होंने ईंट खरीदने की बात कही। इस पर आरोपी ने उन्हें नवाबगंज के गांव कचनैरा निवासी गणपत से मिलवाया। गणपत ने नगला खाला जागीर गांव निवासी अमीर अहमद व कबीर अहमद से मुलाकात कराई। आरोपियों ने पांच अगस्त को सेंथल रेलवे फाटक के पास बुलाया। सोने की ईंट दिखाकर 1.30 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद कहा कि ईंट वह कुछ दूरी पर स्थित एक स्थान पर देंगे।

इसी दौरान पुलिस की वर्दी पहनकर आए दो लोगों ने उन्हें डराकर वहां से भगा दिया। कबीर अहमद के हाथ से सोने की ईंट भी छीन ली। तहकीकात करने पर पता चला कि पुलिस की वर्दी पहनकर आए युवक आरोपियों के ही साथी थे। पीड़ितों ने गंगाराम और गणपत को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इंस्पेक्टर चेतराम वर्मा ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button