Bareilly News: ज्यादा बैनामे वाले इलाकों में बढ़ सकते हैं सर्किल रेट
बरेली। जमीनों के नए सर्किल रेट के निर्धारण के लिए जिला प्रशासन एक बार फिर तैयारी में जुट गया है। अबकी बार कोशिश है कि उन जमीनों के सर्किल रेट में मामूली बढ़ोतरी हो, जहां इस साल सबसे ज्यादा बैनामे हुए हैं। हालांकि किन इलाकों में कितना सर्किल रेट तय है, यह बृहस्पतिवार को साफ होगा।
जिला प्रशासन के मुताबिक इस साल सर्वाधिक बैनामे पीलीभीत बाईपास रोड, सौ फुटा रोड, सीबीगंज में हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि वह प्रस्ताव बनाकर भेज देंगे। अंतिम निर्णय शासन स्तर से ही होना है। 20 जुलाई को इस संबंध में अधिकारियों की मीटिंग बुलाई गई है। साथ ही, ड्राफ्ट का प्रकाशन भी किया जाएगा। जमीनों के सर्किल रेट में पिछले सात साल भी इजाफा नहीं हुआ है। इस बार भी सर्किल रेट में बढ़ोतरी होने की संभावना काफी कम है। फिर भी जमीनों के वार्षिक मूल्यांकन की कार्रवाई शुरू हो चुकी है।
एडीएम वित्त संतोष बहादुर सिंह ने सभी सब रजिस्ट्रार को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने सर्किल की रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तावित रेट लिस्ट भी तैयार कर लें। शासन की मंशा को देखते हुए कोशिश यही की जा रही है कि इस बार उन एरिया के सर्किल रेट को बढ़ाना का प्रस्ताव तैयार करें, जहां इस साल सबसे ज्यादा बैनामे हुए हैं। सूचना के मुताबिक ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद 24 तक आपत्ति मांगी जाएगी। 27 जुलाई को निस्तारण के बाद प्रस्तावित सर्किल रेट की रिपोर्ट डीएम को भेज दी जाएगी, जो अनुमोदन के बाद शासन को भेजी जाएगी। एक अगस्त से शासन के निर्देशानुसार सर्किल रेट बढ़ेगा या नहीं, स्पष्ट हो जाएगा।



