Bareilly News: ऑनलाइन आवेदन के बाद भी नहीं मिल रहा कनेक्शन, कर्मचारी मांग रहा रिश्वत
सीबीगंज। सात हजार रुपये रिश्वत नहीं देने पर परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित विद्युत उपकेंद्र के कर्मचारी ने कनेक्शन देने से मना कर दिया। शिकायत करने पर पूर्व पार्षद से भी अभद्रता की। वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार ने जांच के लिए अधीक्षण अभियंता को पत्र लिखा है।
बंडिया निवासी देवेंद्र पाल के मुताबिक उन्होंने दुकानों के लिए दो किलोवाट के कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। कागजात संबंधित कर्मचारी के पास जमा कर दिए। कई बार उनसे सर्वे कर कनेक्शन देने को कहा मगर वह टालमटोल करता रहा। इसके बाद कर्मचारी ने कहा कि सात हजार रुपये देने पड़ेंगे, तभी कनेक्शन होगा।
उधर, सबीना बानो पत्नी अब्दुल वहीद का कहना है कि उन्होंने अपने घर के कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। कागजात व चार हजार रुपये संबंधित कर्मचारी के पास जमा कराने के बाद उनको कनेक्शन दिया गया, मगर मीटर नहीं लगाया। कुछ दिन कनेक्शन चलने के बाद केबल को उतार लिया गया। उसने पूछा तो बताया कि चेकिंग चल रही है, अभी उनका कनेक्शन नहीं हुआ है।
सबीना ने रसीद व अन्य कागजात दिखाते हुए पूछा कि उसका कनेक्शन अबतक क्यों नहीं हुआ तो उससे दोबारा पांच हजार रुपये मांगे गए। दोनों मामलों की शिकायत पूर्व पार्षद धर्मवीर साहू से की गई। साहू दोनों लोगों को लेकर उपकेंद्र पहुंचे संबंधित कर्मचारी भड़क गया। धर्मवीर साहू ने मामले की शिकायत वन राज्यमंत्री डॉ अरुण कुमार से की तो उन्होंने जांच के लिए पत्र लिखा है।



