बरेली

Bareilly News: सभी जिलों में साइबर थाने, थानों में खुलेगी साइबर सेल

Connect News 24

बरेली। रेंज के चारों जिलों में साइबर थाना और जिले के सभी थानों में साइबर सेल खोलने की कवायद शुरू हो गई है। मंडलीय साइबर थाना और एसएसपी कैंप कार्यालय की साइबर सेल अब मॉनीटर की भूमिका में आ जाएंगे।

साइबर अपराध लगातार बढ़ रहा है। अन्य घटनाओं के मुकाबले साइबर अपराधी लोगों का बड़ा आर्थिक नुकसान कर रहे हैं। ऐसे में शासन भी साइबर अपराध रोकने के लिए प्रयासरत है। हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के बाद अब हर जिले में साइबर थाना स्थापित किया जाना है, साथ ही सभी थानों में एक साइबर सेल बनाई जानी है।

अभी तक पुलिस लाइन के भवन में मंडल स्तरीय साइबर थाना संचालित हो रहा है। सभी जिलों में साइबर सेल एसएसपी के अधीन संचालित हैं। अब दोनों स्तर पर काम शुरू किया जा रहा है। थानों में जल्द ही महिला हेल्प डेस्क की तरह साइबर सेल नजर आएगी। थाना स्तर पर इस तरह के अपराध के सामान्य मामलों को यहीं से निस्तारित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। संसाधनों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने बताया कि थाना स्तर पर साइबर सेल का गठन करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके लिए उपयुक्त स्टाफ तलाशा जा रहा है। जिन्हें प्रशिक्षण दिलाकर तैनात किया जाएगा।

मंडलीय थाने में ही स्टाफ अधूरा

मंडलीय साइबर थाने में पांच इंस्पेक्टरों के सापेक्ष यहां फिलहाल दो इंस्पेक्टर ही तैनात हैं। पांच दरोगा के सापेक्ष तीन दरोगा तैनात हैं। दो कंप्यूटर ऑपरेटर होने चाहिए। इनके न होने की स्थिति में अभी दरोगा और कांस्टेबल ही यह काम देख रहे हैं।

विशेष प्रशिक्षण से बनेगी बात

पुलिसकर्मियों को तकनीकी दक्ष बनाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय साइट्रेन प्रोग्राम संचालित करता है। कंप्यूटर फ्रेंडली व तकनीकी दक्ष स्टाफ ऑनलाइन पढ़ाई करके परीक्षा देकर 80 फीसदी अंक पाकर प्रमाणपत्र ले सकते हैं। इसी तरीके से यहां भी स्टाफ की कमी पूरी की जाएगी। तकनीकी दक्ष स्टाफ को साइबर सेल व साइबर थानों में तैनात किया जाएगा।

00

वर्जन

– हर जिले में साइबर थाना स्थापित किया जाएगा। पुलिस लाइन का थाना मंडल स्तरीय ही रहेगा जहां बड़े साइबर अपराध पर काम किया जाएगा। – डॉ. राकेश सिंह, आईजी रेंज


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button