Bareilly News: तीन महीने में दो करोड़ रुपये की साइबर ठगी, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

साइबर ठगी के आरोपी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली में कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के सदस्य तरह-तरह के बहानों से लोगों से अपने खातों में रुपये मंगाकर ठगी करते हैं। पकड़े गए दोनों आरोपियों ने भी कई खाते खुलवा रखे थे। तीन महीने के भीतर इनके खातों में करीब दो करोड़ रुपये का लेनदेन किया गया। 6.50 लाख रुपये ही खातों में शेष हैं। सात आरोपी फरार हैं।
एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि कोतवाली पुलिस को चौकी चौराहा के पास पांच संदिग्ध युवक दिखे। ये सभी आपस में झगड़ रहे थे। पुलिस ने इन्हें आवाज दी तो इनमें से तीन भाग गए। पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया। इनसे पूछताछ और तलाशी के बाद चौंकाने वाली बातें पता लगीं।
हाथरस के सादाबाद का रहने वाला एक आरोपी
आरोपी थाना सादाबाद हाथरस निवासी योगेंद्र कुमार और बरेली के संजयनगर निवासी अभिषेक गंगवार थे। दोनों के कब्जे से आधार कार्ड, पैनकार्ड, एचडीएफसी बैंक की पासबुक व दस्तावेज बरामद हुए। जांच में पता लगा कि आरोपियों ने करीब तीन महीने में ठगी के जरिये दो करोड़ से अधिक रुपयों का लेनदेन किया है।



