Bareilly News: रामगंगा किनारे दारू पार्टी, फर्नीचर कारीगर का शव नदी में मिला

पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बैठे बॉबी के परिवारजन – संवाद
बरेली। सुभाषनगर निवासी फर्नीचर कारीगर का शव रामगंगा में मिला। उसका मोबाइल दोस्त के पास मिला, जो नशे में नदी किनारे बैठा मिला था। परिजनों ने दोस्त पर हत्याकर शव फेंकने का आरोप लगाया, लेकिन पोस्टमार्टम में डूबने से मौत की पुष्टि हुई। आशंका जताई जा रही है कि नदी किनारे शराब पीने के बाद झगड़ा या किसी अन्य वजह से रवि नदी में गिर गया।
बालाजी मंदिर के पास रामचंद्र नगर के निवासी रवि सोनकर उर्फ बॉबी (22) फर्नीचर कारीगर था। शनिवार शाम वह अपने दोस्तों के साथ रामगंगा में नहाने की बात कहकर घर से निकला था। वह बाइक ले गया था, उसका मोबाइल भी उसके पास था। शनिवार रात के अंतिम पहर में उसका शव रामगंगा से निकाला गया।
पोस्टमार्टम हाउस पर बॉबी के भाई जगतपाल ने बताया कि रात में देर तक बॉबी घर नहीं आया तो उनके पिता धर्मपाल ने कॉल की। फोन किसी और ने उठाया। जब उन्होंने उससे बॉबी के बारे में पूछा तो उसने अपना मोबाइल समझकर कॉल रिसीव की। कहा कि वह रामगंगा के पास बैठा है। इसके बाद वह लोग टाॅर्च लेकर रामगंगा किनारे पहुंचे।
काफी तलाश करने पर कॉल उठाने वाला युवक मिल गया। वह नशे में था, उससे उठा भी नहीं जा रहा था। परिजनों ने सूचना देकर बिशारतगंज थाना पुलिस को बुला लिया। तलाश करने पर बॉबी का शव रामगंगा में उतराता दिखाई दिया।
जगतपाल ने आरोप लगाया कि दोस्तों ने नशे में उनके भाई की हत्या कर दी और शव नदी में फेंक दिया। उनका कहना था कि बॉबी की नाक से खून बह रहा था। पुलिस आरोपी को थाने ले गई। बताते हैं कि नशा उतरने के बाद उसे लिखापढ़ी करके उसके परिजनों को दे दिया गया।
प्राथमिक जांच में नशे में हादसा माना
बिशारतगंज थाने के इंस्पेक्टर क्राइम अर्जुन सिंह ने बताया कि प्राथमिक तौर पर यह लड़कों के साथ बैठकर शराब पीने और फिर एक साथी के गिरकर नदी में डूबने का मामला लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। वैसे रवि के परिजनों ने कोई तहरीर भी नहीं दी है। कोई आरोप होगा तो जांच करके कार्रवाई की जाएगी।

पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बैठे बॉबी के परिवारजन – संवाद



