Bareilly News: बिजलीघर पर ग्रामीणों का प्रदर्शन
फरीदपुर। पचौमी गांव में ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण 20 दिन से करीब 300 लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी बिजली विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। इस कारण ग्रामीणों ने फरीदपुर बिजली घर पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया। इस पर जेई ने रविवार को नया ट्रांसफार्मर लगावाने का आश्वासन दिया, तब जाकर ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया।
फरीदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पचौमी में 300 लोगों की बस्ती में 10 केवीए का ट्रांसफार्मर 20 दिन पहले फुंक गया था। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी बिजली विभाग को दी, बिजली विभाग ने 10 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा दिया गया, जैसे ही लाइन शुरू हुई वह भी फुंक गया। जिसके बाद अभी तक बिजली विभाग ने कोई ट्रांसफार्मर नहीं लगाया। इससे आक्रोशित गांव के लोगों ने फरीदपुर बिजलीघर पहुंचकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीण जेई के ऑफिस में लगभग आधा घंटा तक बैठे रहे। जेई ने अपने उच्च अधिकारियों से बात कर रविवार शाम तक ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने धरना समाप्त कर दिया। धरने पर बैठने वालों में डॉक्टर अंसार, कुंदन लाल, विमला, राधा, उर्मिला देवी, सरोज, फरीदा, धनदेवी, कमला, फुल्ला देवी, नुसरत आदि मौजूद रहीं।
खराब ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग
नवाबगंज। नगर के मोहल्ला नई बस्ती पश्चिमी में लगा ट्रांसफार्मर चार दिन भी बदला नहीं गया है। रियासत हुसैन, मो. जाकिर कुरैशी, हाजी फारूख अंसारी, इकबाल डिपो ने अवर अभियंता राहुल श्रीवास्तव से कर कार्रवाई की मांग की है। अवर अभियंता ने बताया कि बस्ती में लोड अधिक होने की वजह से ट्रांसफॉर्मर फुंक गया है। शीघ्र इसे बदलवाया जाएगा।



