बरेली

Bareilly News: डेंगू संदिग्ध बुजुर्ग की मौत, 21 नए मरीज मिले

Connect News 24

बरेली। मच्छरजनित रोगों के नियंत्रण के दावों के बीच डेंगू संदिग्ध मरीजों की मौतों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। रविवार को सुभाषनगर के एनएस-1 कार्ड पॉजिटिव एक बुजुर्ग की मौत हो गई। रविवार को बुखार के मरीजों की जांच में 21 मरीज एलाइजा पॉजिटिव मिले हैं।

सुभाषनगर के रहने वाले प्रमोद जौहरी (72) की पिछले आठ दिनों से बुखार की चपेट में थे। बेटे नितिन जौहरी के मुताबिक वायरल बुखार समझकर स्थानीय चिकित्सक से दवाएं लीं पर बेअसर रही। पांच दिन पहले हालत गंभीर होने पर उन्हें बदायूं रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां जांच में एनएस-1 टेस्ट पॉजिटिव मिला। दो दिन पहले फिर तबियत बिगड़ने पर अस्पताल ने बेहतर इलाज में असमर्थता जताते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। पीलीभीत बाईपास स्थित निजी अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार की रात मौत हो गई।

इधर, रविवार को अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्र के प्राप्त सैंपल की जिला अस्पताल, निजी मेडिकल कॉलेज, निजी लैब से हुई एलाइजा जांच में बुखार के 21 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। जिले में अब तक डेंगू के 234 मरीज मिल चुके हैं।

बरतें सावधानी.. दिसंबर तक सताएगा मच्छरों का डंक

बरेली। आमतौर पर डेंगू का वायरस नवंबर तक खत्म हो जाता है, लेकिन इस बार यह उम्मीद कम ही है। डेंगू के अब रोजाना 15-20 मरीज मिल रहे हैं। सीएमओ ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील और संदिग्ध लक्षण मिलने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने के लिए कहा है।

माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. राहुल गोयल के मुताबिक मच्छरों के पनपने के लिए 24 से 34 डिग्री सेल्सियस का तापमान अनुकूल होता है। फिलहाल तापमान इसी के आसपास ही दर्ज हो रहा है। लार्वा को पनपने के लिए पिछले दिनों की बारिश से जलभराव भी वजह है। कहा कि जब अधिकतम तापमान 22-23 डिग्री सेल्सियस या इससे कम होगा तो लार्वा नष्ट हो जाएंगे, ऐसी उम्मीद है।

बेपरवाही.. घरों में मिल रहे डेंगू के लार्वा

स्वास्थ्य विभाग की डोमेस्टिक ब्रीडर चेकिंग टीमों की ओर से हर दिन घरों के सर्वे में करीब सौ से ज्यादा घरों में लार्वा मिलने की पुष्टि हो रही है। जिसे टीमें मौके पर नष्ट करा रही हैं। घर में जलभराव न हो इसके लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जिले में अब तक 1.97 लाख घरों के सर्वे में 4915 घरों में डेंगू के लार्वा मिल चुके हैं। जिन्हें सोर्स रिडक्शन की टीमों ने नष्ट कर दिया। सर्वे का सिलसिला जारी है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button