Bareilly News: दीवाली अभी दूर, लंबी दूरी की ट्रेनों में वेटिंग 200 के पार
बरेली। दीवाली (12 नवंबर) अभी दूर है, लेकिन अभी से लोग टिकट बुक कराने लगे हैं। लंबी दूरी की कई प्रमुख ट्रेनों में सीटें अभी से फुल होने लगी हैं। योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस, बाघ एक्सप्रेस, अयोध्या एक्सप्रेस, हिमगिरि और जम्मूतवी एक्सप्रेस में पांच से 15 नवंबर तक अभी से वेटिंग आने लगी है।
त्योहार के सीजन में ट्रेनों में कंफर्म सीट के लिए मारामारी रहती है। बरेली से होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों की संख्या सीमित है। सामान्य दिनों में बरेली जंक्शन से रोजाना औसतन 35 हजार यात्रियों का आवागमन होता है। त्योहारों के सीजन में यह संख्या दोगुनी हो जाती है। चंडीगढ़, जालंधर, बठिंडा, दिल्ली, जम्मू की ओर से आने और बरेली होते हुए पूर्वांचल व बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनों में त्योहारों के सीजन में ज्यादा भीड़ रहती है। कंफर्म टिकट के लिए लोग दीवाली से तीन महीने पहले ही बुकिंग करा रहे हैं। कई ट्रेनों में अभी से कंफर्म टिकट मुश्किल हो गए हैं। कई ट्रेनों में स्लीपर श्रेणी में वेटिंग 200 के पार पहुंच गई है।
13010 योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस की स्लीपर श्रेणी में 11 नवंबर को 207 वेटिंग है। 13020 बाघ एक्सप्रेस में 130 और 12370 कुंभ एक्सप्रेस की स्लीपर श्रेणी में वेटिंग 208 तक पहुंच गई है। दीवाली के आसपास अन्य प्रमुख ट्रेनों में यही स्थिति है। जाहिर है कि दीवाली पर लंबी दूरी की ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल होगा। तत्काल में टिकट लेकर लोगों को जेब ढीली करनी पड़ेगी।
प्रमुख ट्रेनों में वेटिंग की स्थिति
13020 बाघ एक्सप्रेस में नौ नंबर को स्लीपर श्रेणी में 71, एसी थ्री में 27, एसी टू में 13 वेटिंग।
13010 योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस में नौ नवंबर को स्लीपर श्रेणी में 138, एसी थ्री में 78, एसी टू में 18 वेटिंग।
12328 दून-हावड़ा एक्सप्रेस में नौ नवंबर को स्लीपर श्रेणी में 195, एसी थ्री में 99, एसी टू में 34 वेटिंग।
13125 कोलकाता एक्सप्रेस में नौ नवंबर को स्लीपर श्रेणी में 15, एसी थ्री में पांच, एसी टू में दो वेटिंग।
13006 अमृतसर-हावड़ा मेल में नौ नवंबर को स्लीपर श्रेणी में 15, एसी थ्री में पांच, एसी टू में तीन वेटिंग।
12358 डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस में नौ नवंबर को स्लीपर श्रेणी में 45, एसी थ्री में 15, एसी टू में आठ वेटिंग।
12372 हावड़ा सुपरफास्ट में नौ नवंबर को स्लीपर श्रेणी में 18, एसी थ्री में पांच, एसी टू में चार वेटिंग।



