Bareilly News: डॉ. प्रमेंद्र माहेश्वरी ने की भड़काऊ टिप्पणी, रिपोर्ट
बरेली। इस्राइल-फलस्तीन के बीच युद्ध को लेकर सोशल मीडिया पर भड़काऊ टिप्पणियों की बाढ़ आ गई है। इस बीच संभ्रांत और बुद्धिजीवी लोग भी इस विवाद में कूद पड़े हैं। शहर के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रमेंद्र माहेश्वरी के नंबर से धर्म विशेष पर इसी तरह की भड़काऊ टिप्पणी की गई। उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
चौकी चौराहा प्रभारी हरकिशोर मौर्य की ओर से कोतवाली में यह मामला दर्ज कराया गया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को गांधी उद्यान के सामने गंगाचरण आर्यवर्धन अस्पताल के डॉ. प्रमेंद्र माहेश्वरी के मोबाइल नंबर से यह टिप्पणी की गई है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
शुक्रवार दोपहर बाद मोइन खान के नेतृत्व में जमात रजा-ए-मुस्तफा के एक प्रतिनिधिमंडल ने कोतवाली जाकर इस पर नाराजगी जताई। उन्होंने कोतवाल धर्मेंद्र सिंह को पत्र देकर डॉ. प्रमेंद्र माहेश्वरी पर कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में मोईन खान, शाईबउद्दीन रजवी, मोसिन अली, शारून अली, मोइन, साहिल अली व अजीम खान आदि मौजूद रहे।
अधिवक्ता ने एक्स पर की शिकायत, भावनाएं भड़ाने का आरोप
इधर, अधिवक्ता शहवाज खान ने भी इस मामले में एक्स पर शिकायत दर्ज कराई। इसमें जिक्र किया है कि यूनाइटेड रामपुर गार्डन ग्रुप के व्हाट्सएप ग्रुप में यह पोस्ट की गई है। इसमें अनर्गल टिप्पणी की है, जिससे माहौल भड़क सकता है। उन्होंने अपनी शिकायत के साथ स्क्रीनशॉट भी लगाया है।
मैं ऐसा नहीं हूं, गलती कर्मचारी ने की, उसे निकाल दिया
अपने ऊपर लगे आरोपों को डॉ. प्रमेंद्र माहेश्वरी ने गलत बताया। कहा कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट देखने के लिए उन्होंने एक कर्मचारी लगा रखा था। यह मेसेज कहीं से आया और गलती से कर्मचारी ने इसे आगे फॉरवर्ड कर दिया। जानकारी मिलने पर उन्होंने कर्मचारी को नौकरी से निकाल कर मेसेज डिलीट कर दिया है। कहा कि वह ऐसे व्यक्ति नहीं हैं, जो किसी धर्म का अपमान करें।



