बरेली

Bareilly News: त्योहार बीता…अब मुंबई-बंगलूरू जाने के लिए ढीली करनी पड़ रही जेब

Connect News 24

बरेली। परिवार के साथ पंच दिवसीय दीपोत्सव त्योहार मनाने आए लोगों का अब बरेली से वापसी का सिलसिला शुरू हो गया है। इसके चलते विमान किराए में भी सामान्य के मुकाबले खासी बढ़ोतरी हो गई है। फ्लेक्सी फेयर के तहत अब टिकट बुकिंग कराने वालों की जेब पर दो गुना से ज्यादा भार पड़ रहा है।

एयरलाइंस प्रतिनिधि के मुताबिक अगले तीन दिन के लिए फ्लाइट में एडवांस बुकिंग पहले से बड़ी संख्या में लोगों ने करा रखी है। बृहस्पतिवार को एडवांस बुकिंग के चलते 85 फीसदी एयर ट्रैफिक रहा। बाकी बची हुईं सीटों की बुकिंग के लिए किराये में बढ़त जारी है। बृहस्पतिवार को लोगों ने शुक्रवार का बरेली से मुंबई जाने के लिए 12,625 रुपये और कनेक्टिंग फ्लाइट से बंगलूरू रवानगी के लिए 16 हजार रुपये से अधिक में टिकट खरीदा। वहीं, शनिवार, रविवार और सोमवार को बरेली से मुंबई और बंगलूरू जाने के लिए भी दस हजार रुपये से अधिक टिकट के दाम चल रहे हैं। दीपावली से पहले यही किराया लगभग आधा था और बरेली आने के लिए लोगों ने दो से तीन गुना अधिक रकम चुकाई थी।

बृहस्पतिवार को टिकट बुकिंग वेबसाइट के अनुसार 19 नवंबर को बरेली से मुंबई के लिए 17,770 रुपये, 20 को 10,840 रुपये, 21 को 16,342 रुपये किराया था। वहीं, बंगलूरू के लिए 19 को 23,888 रुपये, 20 को 14,625 रुपये व 21 को 12,703 रुपये किराया था। सोमवार, बुधवार, शुक्रवार, रविवार को बरेली से मुंबई के लिए सीधी फ्लाइट है। बंगलूरू के लिए मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को सीधी फ्लाइट है। शेष दिन कनेक्टिंग फ्लाइट से बरेली से मुंबई और बंगलूरू के लिए आवाजाही होती है। कनेक्टिंग के मुकाबले सीधी फ्लाइट के किराए में कमी है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button