Bareilly News: एनआरसी में फ्लो मीटर से मिलेगी ऑक्सीजन, सिलिंडर का झंझट खत्म
बरेली। जिला अस्पताल के पोषण पुनर्वास केंद्र में सिलिंडर से ऑक्सीजन आपूर्ति की व्यवस्था खत्म हो गई है। अब यहां सिलिंडर खत्म होने या फिर नए मरीज के आने पर ऑक्सीजन के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। इसके स्थान पर प्रत्येक बेड पर फ्लो मीटर के जरिये आपूर्ति शुरू हो गई है। एडी एसआईसी डॉ. अलका शर्मा ने वार्ड का निरीक्षण कर नई व्यवस्था का जायजा लिया और जरूरी दिशानिर्देश दिए।
कोरोना महामारी के दौरान जिला अस्पताल में ऑक्सीजन आपूर्ति व्यवस्था महिला अस्पताल में स्थापित प्लांट से शुरू हो गई थी। इससे इमरजेंसी, ओटी, जनरल वार्ड में ऑक्सीजन सुचारू हुई। पर पोषण पुनर्वास केंद्र जहां अतिकुपोषित बच्चों को भर्ती किया जाता है, वहां पर आपूर्ति मिनी सिलिंडरों के जरिये हो रही थी। पिछले दिनों एडी एसआईसी ने वार्ड का निरीक्षण किया तो स्थिति का पता चला। उन्होंने प्रत्येक बेड पर फ्लो मीटर के जरिये आपूर्ति के निर्देश दिए। दो दिन पहले सभी बेड पर आपूर्ति शुरू होने के बाद उन्होंने व्यवस्थाएं देखीं। प्रभारी डायटीशियन रोजी जैदी को किसी दिक्कत पर तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए।


