बरेली

Bareilly News: पूर्व दर्जा राज्यमंत्री और प्रधान ने गिरोह बनाकर ठगे किसान

Connect News 24

भोजीपुरा (बरेली)। पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री ने गिरोह बनाकर जमीन की खरीद फरोख्त करने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर ली। इस प्रकरण में मुख्य आरोपी और उसके साथियों समेत सात लोगों पर भोजीपुरा थाने में पांच मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

रामपुर के मोहल्ला अफगानान निवासी साइम खान ने बताया कि बरेली में एक गिरोह सक्रिय है जो लोगों को जमीन की खरीद फरोख्त करने का झांसा देकर ठगी करता है। इन लोगों के खिलाफ विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। साइम से घंघोरा पिपरिया निवासी सतेंद्र यादव उर्फ लालू, मीरगंज के मसिहाबाद गांव के प्रधान बताए जा रहे महिपाल यादव मिले थे। महिपाल ने फर्जी आधार कार्ड दिखाकर खुद का नाम नोएडा निवासी नवीन बताया। महिपाल के गांव में रहने वाले उसके साथी राजवीर ने खुद को एडवोकेट प्रेमचंद पांडेय बताया जबकि बहादुर सिंह ने असिस्टेंट बताया। मीरगंज परौरा का अनुभव बेनीवाल, गाजियाबाद साहिबाबाद का परवेज अली और खुद को पूर्व दर्जा राज्यमंत्री बताने वाले पन्नालाल कश्यप ने इन लोगों के साथ मिलकर बाजपुर की जमीन को काशीपुर की बताकर एग्रीमेंट कराया था।

लेनदेन सतेंद्र यादव के घर पर हुआ। 25 लाख रुपये लेकर इन लोगों ने एग्रीमेंट कराया था। अब पूरा गिरोह लापता हो गया है। इन लोगों ने मोबाइल नंबर भी बंद कर लिए हैं। साइम ने आईजी से मामले की शिकायत की तो सभी लोगों के खिलाफ भोजीपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। साइम के अलावा हरीश कुमार गंगवार, अनिल सिंह, सलीम मलिक और सम्मी खान ने इसी गिरोह के खिलाफ रिपोर्ट कराई हैं।

दिल्ली की कंपनी बताकर करते हैं ठगी

– साइम और अन्य किसानों से धोखाधड़ी करने वाले लोग बेहद शातिर हैं। इन लोगों के पास फर्जी आधार कार्ड हैं। यह लोग खुद को दिल्ली की बडी़ कंपनी के अधिकारी बताकर जमीन खरीदने और बेचने का झांसा देकर ठगी करते हैं। बड़े होटलों में रुकते हैं और जमीन की सौदेबाजी करने के बहाने लाखों रुपये का चूना लगाकर गायब हो जाते हैं। गिरोह के सदस्यों में से कोई कंपनी का मालिक और कोई मैनेजर बन जाता है जबकि एक असिस्टेंट बन जाता है। मैनेजर और असिस्टेंट कंपनी मालिक से जमीनों की डील कराने के नाम पर लोगों से मोटा कमीशन लेते हैं। कमीशन की रकम मिलते ही पूरा गिरोह फरार हो जाता है। इन लोगों के खिलाफ भोजीपुरा, मिलक और भुता थाने में भी कई मामले दर्ज हो चुके हैं।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button