Bareilly News: संदिग्ध हालात में बच्ची की मौत
भमोरा। ढकिया गांव में मंगलवार को चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। ताऊ ने बच्ची की मां पर ही हत्या का आरोप लगाया। वहीं, ननिहाल पक्ष वालों का कहना था कि बच्ची की हत्या उसके पिता के परिवार वालों ने की है। इसको लेकर पुलिस के सामने ही दोनों पक्ष भिड़ गए। लाठी-डंडों से मारपीट के साथ पथराव भी हुआ। चार लोग घायल हो गए।
नथा गौटिया निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी पांच साल पहले ढकिया निवासी युवक से की थी। शादी के एक साल बाद ही पति-पत्नी में विवाद हो गया। इसके बाद बेटी मायके चली आई। यहां उसने एक बेटी को जन्म दिया। कई बार पंचायत हुई, मगर दोनों परिवारों में सुलह नहीं हुई।
बीते दिनों बेटी के ससुराल वालों ने छोटे बेटे की पत्नी की डिलीवरी होने की बात कहकर विवाहिता को ससुराल बुलाया। इस पर सोमवार को उन्होंने बेटी को चार साल की बच्ची के साथ ससुराल भेज दिया। मंगलवार को संदिग्ध हालात में बच्ची की मौत हो गई। सूचना पर दरोगा चंद्रपाल और सिपाही मलखान भी गांव पहुुंच गए। विवाहिता के मायके से भी लोग आ गए।
बयान दर्ज करने के दौरान पुलिस के सामने ही दोनों पक्ष भिड़ गए। जमकर पथराव हुआ। दरोगा की सूचना पर थाने से अतिरिक्त फोर्स भेजा गया। समझा-बुझाकर दोनों पक्षों को शांत कराने के बाद बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। ट्रेनी आईपीएस विक्रम दहिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।
मां बोली, बेटी के गले पर मिले निशान
मां ने बताया कि दोपहर में बेटी को सुलाने के बाद वह भी सोने चली गई। जागने पर देखा तो बेटी मृत पड़ी थी। उसके गले पर निशान थे। आशंका है कि किसी ने गला दबाकर उसकी हत्या की है। वहीं बच्ची के ताऊ ने मां पर ही गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।



