Bareilly News: महानवमी पर बाजार में बरसेगी मां लक्ष्मी की कृपा, 80 करोड़ का कारोबार होने के आसार

ज्वेलरी शॉप पर आभूषण देखतीं महिलाएं
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली में महानवमी पर सोमवार को बाजार में मां की कृपा बरसेगी। करीब 80 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। रविवार को बाजार में ग्राहकों की कतार रही। लोगों ने हवन-पूजन सामग्री के साथ फल और फूलों की खरीदारी की। दोपहर में ज्वेलरी, वाहनों के शोरूम और कपड़े की दुकानों पर खासी भीड़ रही।
कारोबारियों के मुताबिक पिछले तीन में से दो साल कोरोना महामारी की वजह से कारोबार प्रभावित रहा। फिर एक साल कीमतों में उतार-चढ़ाव के चलते अपेक्षित कारोबार नहीं हो पाया। इस साल मानसून का साथ मिला और फसलों का उत्पादन बेहतर रहा। लिहाजा, ग्रामीण इलाकों से भी खरीदार शहर पहुंच रहे हैं। ऐसे में बाजार में रौनक बरकरार है। महानवमी पर मां की विदाई के बाद शुभ मुहूर्त में गृह प्रवेश होंगे। पूर्व में बुक किए हुए वाहनों की डिलीवरी भी होगी।
सौ कारें, तीन सौ बाइकों की होगी डिलीवरी
वाहन कारोबारियों के मुताबिक महानवमी पर पूर्व में बुक किए हुए वाहनों की डिलीवरी होगी। अलग-अलग शोरूम से करीब सौ कारें और तीन सौ से ज्यादा बाइकों की डिलीवरी होगी। बताया कि ज्यादातर लोग कारों के हायब्रिड मॉडल की मांग कर रहे हैं। कंपनियों से आपूर्ति सीमित होने की वजह से धनतेरस के लिए एडवांस बुकिंग खूब हो रही हैं। सात से 15 लाख रुपये की कारों की बिक्री ज्यादा हो रही है।



