बरेली

Bareilly News: गुरु-चेले ने शिष्या से किया दुष्कर्म

Connect News 24

फरीदपुर। धार्मिक अनुष्ठान करने वाले गुरु और उसके चेले ने अनुष्ठान के बहाने एक युवती के साथ गन्ने के खेत में दुष्कर्म किया। युवती भी मुख्य आरोपी की शिष्या थी। उसने मोबाइल फोन से कॉल कर घटनास्थल पर ही पुलिस बुला ली और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तहरीर पर पुलिस ने गुरु-चेले के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

शाहजहांपुर के थाना जैतीपुर के गांव कलुआ भोज निवासी संजय सिंह और शाहजहांपुर के ही गांव मरुआ झाला निवासी उसका शिष्य सुमित धार्मिक अनुष्ठान करते हैं। कुछ माह पहले दोनों ने बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में अनुष्ठान किया था। इसी दौरान गांव की एक युवती संजय से प्रभावित होकर उसकी शिष्या बन गई। दोनों में फोन पर बातें होने लगीं।

आरोप है कि संजय सिंह ने बृहस्पतिवार को शिष्या बनी युवती को अनुष्ठान करने के बहाने फोन कॉल करके बरेली के सेटेलाइट बस अड्डे बुलाया। युवती अपने घर से पांच हजार रुपये लेकर वहां पहुंच गई। आरोपी संजय और उसका चेला सुमित भी बाइक से सेटेलाइट पहुंच गए और युवती को बैठाकर फरीदपुर क्षेत्र के एक गांव के पास गन्ने के खेत में ले गए।

आरोप है कि यहां दोनों ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। शोरशराबा होने पर जुटे ग्रामीणों ने पीड़िता को छुड़ाया। युवती ने मोबाइल फोन से सूचना दी तो पुलिस ने घटनास्थल से आरोपी गुरु-चेले को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी संजय दिव्यांग है। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button