बरेली

Bareilly News: आधी आबादी झेल रही दहेज का दंश, कहीं शोषण का जहर

Connect News 24

बरेली। दहेज के दंश से पीड़िता आधी आबादी को हर कदम पर दर्द मिलता है। कहीं उनकी हत्या कर दी जाती है तो कई बार उत्पीड़न से तंग आकर वे खुद ही अपनी जान दे देती हैं। दूसरी ओर शोषण का जहर उनको तिल-तिल कर घुटने के लिए विवश कर देता है। हर कदम पर उनकी भावनाओं से खिलवाड़ किया जाता है। उनका यह दर्द उस समय दोगुना हो जाता है जब समाज का उच्च शिक्षित तबका उनको चोट पहुंचाता है। बृहस्पतिवार को ऐसे कई मामले घर की दहलीज लांघकर थाने की चौखट तक पहुंचे तो सच्चाई उजागर हुई। ब्यूरो

डॉक्टर पति मांग रहा एक करोड़ दहेज

राजेंद्र नगर निवासी सुगंधी शर्मा निजी मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर हैं। उनका विवाह बीते साल राजस्थान के सवाई माधोपुर केशवनगर निवासी वैभव उपाध्याय से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद पति और ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। सुगंधी पति के साथ गुजरात में रहने लगीं। दोबारा ससुराल गईं तो ससुराल वालों ने दहेज को लेकर ताने दिए। इसके बाद सुगंधी मायके बरेली आ गईं। तनाव के कारण सुगंधी का गर्भपात हो गया। उन्होंने प्रेमनगर थाने में पति डॉ. वैभव उपाध्याय, गिरजाशंकर, तारा और शिल्पा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

50 लाख रुपये की खातिर घर से निकाला

रामपुर गार्डन निवासी शिखा अग्रवाल की शादी मेरठ रंगसाज सदर बाजार निवासी शलभ से छह साल पहले हुई थी। शादी के बाद ससुराल वाले मायके से पचास लाख रुपये लाने के लिए दबाव बनाने लगे। पति शराब पीकर घर आता था और शिखा से मारपीट करता था। ससुराल वाले भी शिखा के साथ मारपीट करते थे। 50 लाख रुपये नहीं लाने पर पति और ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया। शिखा ने शिकायत की तो पति उसे रखने को राजी हो गया लेकिन बाद में मुकर गया। शिखा ने पति शलभ और ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

दहेज के लिए पीटता था पति, मायके में रह रही विवाहिता

समीक्षा शर्मा का विवाह पिछले साल साहूकारा निवासी सुधांशु से हुआ था। समीक्षा पति के साथ राजेंद्र नगर में रहती हैं। ससुराल वालों ने कम दहेज को लेकर घर से निकाल दिया। नशे में पति सुधांशु ने समीक्षा को पीटा। समीक्षा का गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की तो एक किराएदार ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस समीक्षा को थाने ले आई और मेडिकल परीक्षण कराया। समीक्षा का आरोप है कि पति और उसके परिजन दहेज को लेकर कई बार मारपीट कर चुके हैं। समीक्षा ने पति सुधांशु, सास और चचिया ससुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

अभद्र टिप्पणी के साथ वायरल कर दी किशोरी की तस्वीर

इज्जतनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी का फोटो दूसरे समुदाय के युवक ने अभद्र टिप्पणी के साथ वायरल कर दिया। किशोरी के पिता ने बताया कि उनकी गांव के नईम ने बेटी की फोटो खींच ली थी और अभद्र टिप्पणी के साथ वायरल कर दी। उन्होंने नईम के पिता इशाक और भाई कयूम से शिकायत की, तो वे उल्टा उन्हें धमकाने लगे। आरोपियों ने उनसे अभद्रता की और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की ओर से इज्जतनगर थाने में तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

गर्भवती के पेट में मारी लात, गर्भस्थ शिशु की मौत

सेमलखेड़ा निवासी सना ने बताया कि उनके घर के सामने मोहल्ले के शाहिद अली ने बाइक खड़ी की तो उनके भाई फईम ने मना किया। इस पर शाहिद ने अंजर अली, कैफ व शीबू के साथ मिलकर फईम की पिटाई कर दी। सना के दूसरे भाई मोहसिन, फईम को बचाने पहुंचे तो शीबू ने चाकू से वार कर उनको घायल कर दिया। मोहसिन की गर्भवती पत्नी रुखसार पति को बचाने पहुंचीं तो आरोपियों ने उसके पेट पर लात मार दी। इससे रुखसार के पेट में पल रहे आठ माह के बच्चे की मौत हो गई। बारादरी थाने में चारों लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

रिश्तेदार के उत्पीड़न से तंग आकर खाया जहरीला पदार्थ

किला थाना क्षेत्र के मलूकपुर निवासी युवती को बुधवार देर रात सिटी रेलवे स्टेशन के सामने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवती की चाची ने पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदारों पर उत्पीड़न की रिपोर्ट कराई है। बृहस्पतिवार को किला पुलिस ने युवती का बयान दर्ज किया जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। आरोप है कि उसके घर के पास फूफा और बुआ रहते हैं। फूफा उस पर गलत नीयत रखता है। जब भी युवती की मां घर से बाहर जाती है तो फूफा उनके घर में आ जाता है। बुधवार रात युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दे डाली और अपशब्द कहे। यह देख युवती की बहन काफी डर गई और उसने कुछ खा लिया। किला इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि युवती का इलाज कर रहे डॉक्टर से बात की गई तो जहर या तेजाब पीने की पुष्टि नहीं हुई। हल्का नशा बताया गया। रिपोर्ट लिखकर जांच की जा रही है।

शादी के 22 साल बाद पति ने दिया तलाक का नोटिस

राजेंद्रनगर निवासी सुनैना सुखेजा की शादी 22 साल पहले सुरेंद्र सुखेजा से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति अक्सर मारपीट करता था। तब वह पति से अलग रहने लगीं। अब पति उनके पास तलाक के नोटिस भिजवा रहा है। उन्होंने तलाक न देने की बात कही तो पति धमकी देने लगा। बुधवार को सुनैना इज्जतनगर रेलवे कॉलोनी में बेटे विराज सुखेजा से मिलने गई थीं। तब उनके पति सुरेंद्र ने उनके साथ मारपीट की। गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। इज्जतनगर पुलिस ने पहले समझौते का प्रयास किया, बाद में पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।

विवाहिता को घर से निकाला, आठ के खिलाफ रिपोर्ट

आंवला के मोहल्ला महाराजपुरम के भगवान दास ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि बेटी ममता सरकारी विद्यालय में शिक्षिका है। दो साल पहले उन्होंने उसका विवाह बदायूं के उघैती निवासी नृपेंद्र सिंह के साथ किया था। शादी के बाद से ससुराली दहेज में 10 लाख रुपये लाने का दबाव बना रहे थे। असमर्थता जताने पर बेटी को प्रताड़ित करते थे। दो बार उसकी हत्या का प्रयास भी किया। उसे घर से निकाल दिया। बीते दिनों बेटी कार से घर लौट रही थी। रास्ते में आरोपी ने कार छीन ली। पुलिस ने पति नृपेंद्र सिंह, सास दमयंती, ननद संध्या, हितेन्द्र, राजेश्वरी, श्रुति सिंह, तेजेश्वरी, सुरेन्द्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button