बरेली

Bareilly News: डिग्रीधारी बेरोजगार, फार्मासिस्ट की कमी से जूझ रहा स्वास्थ्य विभाग

Connect News 24

बरेली। डॉक्टर और लैब टेक्नीशियनों के साथ ही स्वास्थ्य विभाग फार्मासिस्ट की भी भारी कमी से जूझ रहा है। जबकि, इस कोर्स के हजारों डिग्रीधारी जिले में ही बेरोजगार घूम रहे हैं। अस्पतालों में एक ही फार्मासिस्ट पर कई कर्मचारियों का भार है। इसी वजह से विभाग में दवाओं का बेहतर रखरखाव नहीं हो पा रहा। दैनिक रिपोर्ट व दवाओं के नए ऑर्डर बनाने में भी देर होती है।

जिला अस्पताल में फार्मासिस्ट के 16 पद स्वीकृत हैं, मगर तैनाती महज सात की है। इसी तरह सीएमओ के अधीन जिले में स्वीकृत 110 पद के सापेक्ष 18 पद रिक्त हैं। जिले में स्वास्थ्य केंद्रों की संख्या बढ़ती जा रही है। ऐसे में तैनात फार्मासिस्ट पर काम का बोझ बढ़ता जा रहा है। यह स्थिति तब है जब कोरोना के बाद दवाओं की अहमियत को भांपकर बड़ी तादाद में युवाओं ने फार्मासिस्ट के कोर्स में दाखिला ले लिया। वर्तमान में जिले के सभी फार्मा कॉलेजों में सीटें फुल हैं। कोर्स कर चुके छात्र डिग्री लेकर रोजगार के लिए भटक रहे हैं। रुहेलखंड विश्वविद्यालय फार्मेसी विभाग के शिक्षक डॉ. अमित वर्मा ने बताया कि फार्मा कोर्स करने के बाद युवाओं के बाद रोजगार के तमाम विकल्प होते हैं। दवा निर्माण से लेकर वितरण तक में फार्मासिस्ट की जरूरत होती है। ड्रग इंस्पेक्टर भी बन सकते हैं। केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष दुर्गेश खटवानी का कहना है कि सरकार फार्मासिस्ट के रिक्त पदों पर भर्तियां निकाले ताकि युवाओं को रोजगार मिल सके।

फोटो

16 सेवानिवृत्त चीफ फार्मासिस्ट सम्मानित

बरेली। विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर सोमवार को जिला अस्पताल में जिला फार्मासिस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में जिला स्तरीय सम्मेलन हुआ। फार्मासिस्ट स्ट्रेंथिंग हेल्थ सिस्टम थीम पर विचार गोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि ड्रग इंस्पेक्टर राजेश कुमार यादव रहे।ड्रग इंस्पेक्टर ने बेहतर स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराने में फार्मासिस्टों के योगदान को रेखांकित किया। इसके बाद सेवानिवृत्त फार्मासिस्ट एमसी शर्मा, आरपी सिंह, आरके प्रसाद, मतलब मियां, रंजना उपाध्याय, शहनाज परवीन, एचए योहन्ना, यूसी शर्मा, मरगूब हुसैन, सतीश चंद्र सक्सेना, एमए खान, सतीश त्रिपाठी, एमएल वर्मा, केके रतूड़ी आदि सम्मानित हुए। कार्यक्रम में मंडलीय सचिव बीसी यादव, जिलाध्यक्ष जनार्दन गंगवार, जिला मंत्री हरिश्चंद्र, जिला उपाध्यक्ष अखिलेश सक्सेना, फार्मासिस्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद कुमार, विपिन कुमार, तुषार वशिष्ठ मौजूद रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button