बरेली

Bareilly News: पालिका क्षेत्र में सभी घरों से वसूला जाएगा गृहकर

Connect News 24

फरीदपुर। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में बुधवार को जलभराव की समस्या को लेकर सभासदों ने खूब हंगामा किया। बैठक में हंगामे के बीच ही डेढ़ करोड़ रुपये के विकास कार्यों के प्रस्ताव पास किए गए। इनमें कस्बे की साफ-सफाई, पानी की टंकी, गृहकर से वंचित लोगों पर भी गृहकर लगाने और पुराने सरकारी अस्पताल गेट के पास बनीं दुकानों को खाली कराना आदि शामिल हैं।

पालिका क्षेत्र में रहने वाले और गृहकर न देने वालों से भी अब हाउस टैक्स वसूला जाएगा। ऐसे घरों का नगर पालिका की ओर से सर्वे कराया जाएगा, इसके बाद कर की वसूली की जाएगी। नगर पालिका ने 1.22 रुपये प्रति वर्ग मीटर वार्षिक की दर से गृहकर लागू किया है। गृहकर के दायरे में आने वाले लोग यदि टैक्स जमा नहीं करेंगे तो उनकी आरसी जारी करेगी।

नगर पालिका ने कई वर्ष पूर्व पुराने सरकारी अस्पताल के गेट और मोहल्ला बक्सरिया में टंकी के पास दुकानें बनवाईं थी, जिन्हें किराये पर दे दिया था। इन दुकानों का नगर पालिका से जो अनुबंध था, वह अब खत्म हो चुका है। अब सभी दुकानें कानूनी प्रक्रिया के तहत खाली कराई जाएंगी। अनुबंध के बावजूद जिन लोगों ने दुकानें बेच दी हैं, उन पर कार्रवाई होगी और बाकी का अनुबंध फिर से किया जाएगा। बोर्ड बैठक में इसका प्रस्ताव पास कराया गया।

बैठक में फरीदपुर विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, चेयरमैन शराफत जरी वाले, अधिशासी अधिकारी डॉ. नितिन कुमार गंगवार, प्रधान लिपिक आदेश शुक्ला, सभासद राजकुमार, अजीम मियां, टोनी सिंह, तनुजा शुक्ला आदि सभासद मौजूद रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button