Bareilly News: हटाए गए आरोपी डॉक्टर, आज खाली कराए जाएगा आवास
बरेली। तीन सौ बेड अस्पताल में महिला लैब टेक्नीशियन के साथ छेड़खानी के आरोपी डॉक्टर को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। साथ ही, 24 घंटे में अस्पताल परिसर के आवास को खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। शाम को हिंदू संगठनों ने सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह का घेराव कर कार्रवाई की मांग की।
मंगलवार को अस्पताल की एलटी ने डॉक्टर पर अकेले कमरे में बुलाने, छेड़खानी करने, विरोध पर नौकरी से निकालने की धमकी देने, संबंध बनाने का दबाव बनाने आदि के आरोप लगाए थे। मामला सुर्खियां बनने पर बुधवार को हिंदू संगठनों के लोग सक्रिय हुए। उन्होंने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, कमिश्नर, डीएम, एसएसपी को ट्वीट किया। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने सीओ तृतीय आशीष प्रताप सिंह को जांच सौंपी है।
हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने सीएमओ का घेराव कर 24 घंटे में कार्रवाई न होने पर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी है। सीएमओ ने देर शाम ही आरोपी डॉक्टर को वहां से हटाकर जिला अस्पताल की ओपीडी में तैनात कर दिया।
महिला एलटी ने दी तहरीर, जांच शुरू
बुधवार को हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों के साथ महिला एलटी ने थाने पहुंचकर डॉक्टर के खिलाफ तहरीर दी। इंस्पेक्टर बारादरी अभिषेक सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है। अधिकारियों के निर्देश पर आगे कार्रवाई की जाएगी। इधर, तीन सौ बेड अस्पताल के सीएमएस एसीएमओ डॉ. भानु प्रकाश ने बुधवार सुबह मामले की जानकारी होने की बात कही।
उपस्थित होने पर भी करता था गैरहाजिर
महिला एलटी का आरोप है कि डॉक्टर डयूटी पर रहने के दौरान भी उनकी अनुपस्थिति लगा देता था। चार जुलाई को उसने छेड़खानी की। वह किसी तरह खुद को बचाकर भाग निकली।


