बरेली

Bareilly News: जल्दी चढ़ा लो बरात, रात 10 बजे के बाद नहीं बजेंगे डीजे

Connect News 24

बरेली। बरातघर, होटल व डीजे एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठक शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में बुलाई गई। जाम और शोर की समस्या से निपटने के लिए बरातघरों के बाहर पार्किंग क्षमता बढ़ाने, रात 10 बजे तक डीजे बंद कराने जैसे बिंदुओं पर सहमति बनी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए अब हाईकोर्ट के आदेश का सख्ती से पालन कराया जाएगा। रात 10 बजे के बाद होटलों-बरातघरों में डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बरात में डीजे या बैंडबाजों के इस्तेमाल होने की स्थिति में संबंधित प्रतिष्ठानों के प्रबंधक भी साथ में चलेंगे और नियमों का पालन कराएंगे। अधिकारियों ने बरातघर व होटल संचालकों को पार्किंग क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए। हाईकोर्ट की नियमावली को लेकर संचालकों से शपथपत्र भी भरवाए गए। संचालकों की मांग पर सहालग में शहर में भारी वाहनों की एंट्री रात 10 बजे तक प्रतिबंधित करने पर सहमति बनी।

सौ मीटर दूर हो जनवासा, आधे घंटे में पहुंचे बरातघर

सड़कों को जाम से मुक्त रखने के लिए वैवाहिक आयोजन का जनवासा अधिकतम सौ मीटर की दूरी पर बनाने और हर हाल में वहां से आधे घंटे के भीतर सड़क भ्रमण करते हुए बरातघर पहुंचना होगा। मैरिज हॉल, मांगलिक कार्य स्थलों पर सड़क घेरकर सजावट नहीं की जाएगी। नगर निगम को पटरियों से अतिक्रमण हटाने, निर्देश के उल्लंघन पर बरेली विकास प्राधिकरण की ओर से नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई किए जाने के आदेश मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल व आईजी डॉ. राकेश सिंह ने दिए हैं।

80 फीसदी बरातघरों के पास पार्किंग ही नहीं

– बदायूं रोड पर बुरा हाल, सड़क घेरकर खड़े होते हैं बरात के वाहन

अमर उजाला ब्यूरो

बरेली। शहर में मानकों को दरकिनार कर बनाए गए बरातघर जाम की प्रमुख वजह हैं। सहालग शुरू होते ही यहां समस्या पैदा होने लगी है। शहरवासी रोज इस दिक्कत से जूझ रहे हैं।

शहर में करीब 160 बरातघर हैं। इनमें से अधिकतर बदायूं व पीलीभीत रोड पर हैं। इनमें से 80 फीसदी के पास पार्किंग ही नहीं है। ऐसे में निर्देश के अनुपालन पर सवाल उठ रहे हैं। कई होटल संचालकों ने फुटपाथ कब्जाकर उस पर पार्किंग बना ली है। बरात के वक्त फुटपाथ के भर जाने के बाद लोग सड़क पर ही आड़े-तिरछे वाहन खड़े कर बरातघर में चले जाते हैं। इसके बाद जाम खुलवाने में पुलिस को भी जूझना पड़ जाता है। कई बार ऐसे वाहनों को पुलिस क्रेन से हटवाती है।

वर्जन

बरातघरों व होटल संचालकों को बता दिया गया है कि वह अपने यहां पार्किंग की क्षमता बढ़ाएं। जरूरत के हिसाब से अपने प्रतिष्ठान से थोड़ा आगे-पीछे कोई जगह लेकर वाहनों को वहां पार्क कराएं। बरात के वाहनों की वजह से जाम लगा तो कार्रवाई की जाएगी। – राममोहन सिंह, एसपी यातायात


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button