Bareilly News: आईजी ने कराई रिपोर्ट, पुलिस ने सद्दाम के पार्टनर को चाय पिलाकर भेजा
बरेली। बारादरी थाने में सद्दाम के पार्टनर बरात घर मालिक के खिलाफ एक व्यक्ति ने अपनी जमीन कब्जाने और सद्दाम के नाम पर धमकाने की रिपोर्ट कराई थी। बारादरी थाना प्रभारी को लेकर ट्वीट किया गया है कि उन्होंने आरोपी बरातघर मालिक व उसके मैनेजर को थाने में चाय पिलाकर भेज दिया। आईजी ने थाना प्रभारी की भूमिका की जांच के आदेश एसएसपी को दिए हैं।
अतीक-अशरफ के हत्या के बाद अशरफ का साला सद्दाम बदायूं जेल में बंद है। करीब तीन साल बरेली में रहे सद्दाम ने यहां अशरफ की काली कमाई ठिकाने लगाने का काम किया। उसने यहां कुछ लोगों से दोस्ती गांठकर उन्हें भी कमाई कराई। प्रयागराज में उमेश पाल हत्याकांड के बाद भी ऐसे तमाम लोगों के नाम सामने आए थे। तब पुलिस के पास पर्याप्त साक्ष्य न होने से वह बच गया था। इधर, बीते दिनों सुभाषनगर के काशीनाथ ने फहम लॉन बरातघर के मालिक आरिफ समेत छह लोगों के खिलाफ बारादरी थाने में आईजी के आदेश से जानलेवा हमले समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरिफ पर अतीक और सद्दाम के नाम पर 10 लाख रुपये मांगने का आरोप है।
लेकिन विवेचना से पहले ही बारादरी थाने में आरोपियों की आवभगत शुरू होने को लेकर ट्वीट किया गया है। इसमें सबूत के तौर पर थाने के सीसीटीवी कैमरे चेक कराने की बात कही जा रही है। थाना प्रभारी अमित पांडेय का कहना है कि आरिफ व उसके साथी पहले भी थाने में इसी तरह आते जाते रहे हैं। वह आरोपी साबित होगा तो कार्रवाई की जाएगी। मामले में आईजी डॉ. राकेश सिंह ने जांच का आदेश दिया है।



