Bareilly News: आईजी ने तलब की एसओजी, तैनाती और गुडवर्क का रिकॉर्ड मांगा
बरेली। लगातार ऑडियो वायरल होने से संदेह के घेरे में आई एसओजी को आईजी ने शनिवार को तलब कर लिया। टीम आईजी के सवालों का जवाब नहीं दे सकी। इधर, एसएसपी ने एसपी सिटी को मामले की जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
पहले सट्टे और फिर जुआ कराने को लेकर वायरल हुए ऑडियो में भले ही एसओजी का कोई कर्मचारी शामिल न हो, पर आरोपियों की बातों से जो इशारा मिल रहा है, उसके मुताबिक एसओजी व चौकी पुलिस से मिलकर धंधा चल रहा है। एसओजी के सिपाही मोहित का नाम तो खुलकर सामने आ रहा है, जो शाहजहांपुर में भी चर्चित रहा है। सिपाही शकील का नाम भी लिया जा रहा है। इसीलिए आईजी डॉ. राकेश कुमार सिंह ने एसओजी टीम को तलब कर पूछताछ की।
आईजी ने एसओजी प्रभारी सुनील शर्मा से कहा कि वह अपनी टीम का रिकॉर्ड भिजवाएं। कौन व्यक्ति किस पद पर कितने समय से तैनात है, क्या गुडवर्क किया है। इसी के आधार पर अच्छी छवि वालों को टीम में रखा जाएगा। टीम के सिपाहियों से भी सवाल किए, पर वह सही जवाब नहीं दे सके।
आरोपियों को जेल भेजें, उनसे पूछें सवाल
आईजी ने एसओजी से कहा कि टीम की भूमिका पर सवालों के बाद भी कार्रवाई न होना गलत है। अगर एसओजी का दोष नहीं है, तो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ करें। आखिर क्यों सिपाहियों का नाम लिया जा रहा है। आईजी ने एसएसपी से भी जांच कराने को कहा। हालांकि जिन लोगों की बातचीत ऑडियो में है, उनका पता लगाकर अधिकारियों के सामने लाया गया। पूछताछ की जा रही है।
सभी पक्षों से वार्ता कर साक्ष्य जुटाएं
एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने एसओजी संबंधी दोनों ऑडियो की जांच एसपी सिटी राहुल भाटी को सौंपकर रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने एसपी सिटी से कहा है कि सभी पक्षों से वार्ता और साक्ष्य जुटाकर रिपोर्ट दें। बताया कि रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
चौकी वालों पर पूरा भरोसा, धंधेबाज बेलगाम
बताया जा रहा है कि रिकॉर्डिंग में बात कर रहे लोग हजियापुर के पुत्तल बूरा और राजा हैं, जो अवैध धंधों के लिए चर्चित हैं। ऑडियो में वह दावा कर रहे हैं कि चौकी को भी हफ्ता जा रहा है। इशारा मॉडल टाउन चौकी की ओर है। सूत्र बताते हैं कि बारादरी और किला थाने की चौकियों पर कुछ स्टाफ धंधेबाजों के संपर्क में है। सूत्रों के मुताबिक किला क्षेत्र में अतीक और जितेंद्र जौहरी नाम के पुराने सट्टेबाजों ने घर में धंधा शुरू किया है। कई लड़के रुपये वसूली के लिए रखे हैं। किला थाने की एक चौकी के प्रभारी को लेकर भी चर्चा है। बताते हैं कि कई चौकी प्रभारियों का तबादला हो गया है, पर वह हिसाब चुकता करने में लगे हैं।
यूपी 112 से मिला रिकॉर्ड, बयान होने शुरू
यूपी 112 में दो पुलिसकर्मियों के बीच बातचीत की रिकॉर्डिंग वायरल होने के बाद एक सिपाही को निलंबित कर दिया था। एसपी सिटी ने जांच शुरू कर दी है। उन्हें एक जनवरी, 2022 से अब तक पीआरवी में तैनाती, ट्रांसफर आदि की स्थिति की जांच करनी है। शनिवार को यूपी 112 के जिला प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह रिकॉर्ड लेकर पहुंचे, जो एसपी सिटी ने तलब किया है। एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि बयान दर्ज होने शुरू हो गए हैं।



