Bareilly News: कोहरे में काल साबित होंगी हाईवे किनारे की अवैध पार्किंग, जिम्मेदार बेपरवाह
बरेली। कोहरा दस्तक देने लगा है। आने वाले दिनों में ये और घना होगा। इस बीच शहर में जगह-जगह हाईवे किनारे होने वाली भारी वाहनों की अवैध पार्किंग जान की दुश्मन बनेगी। हादसों का खतरा बढ़ जाएगा। इसके बावजूद जिम्मेदार अफसर इस पर आंखें मूंदे हुए हैं। शासन ने हाईवे किनारे वाहनों की अवैध पार्किंग को अपराध करार दिया है। मुख्यमंत्री सड़क हादसों को रोकने के निर्देश दे रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग हरकत में नहीं आ रहे।
स्थिति यह है कि शहर से जाने वाले विभिन्न राजमार्गों पर दोनों ओर की दो-दो सर्विस लेन ट्रकों, बसों समेत अन्य बड़े वाहनों की अवैध पार्किंग से घिरी रहती हैं। सबसे बुरी स्थिति पीलीभीत बाइपास की है। सतीपुरा चौराहा, यूनिवर्सिटी के पास बसों और ट्रकों की हाईवे किनारे नियमित अवैध पार्किंग होती है। मालियों की पुलिया से सेटेलाइट बस अड्डा तक भी रोड के दोनों ओर सर्विस लेन घिरी रहती है। यहां एक पेट्रोल पंप संचालक भी अवैध पार्किंग कराता है। रोडवेज की बसें भी किनारे खड़ी रहती हैं। कोहरे के सीजन में दृश्यता बेहद कम होने के दौरान इन स्थानों पर बड़े हादसों का खतरा है। अमर उजाला ने विभिन्न क्षेत्रों का मौका-मुआयना किया तो कुछ ऐसा हाल दिखा।
सतीपुर चौराहा काफी व्यस्त रहता है। अक्सर जाम की स्थिति रहती है। पीलीभीत रोड के इस व्यस्त चौराहे के आसपास सड़क किनारे शाम होते ही बसों और ट्रकों की अवैध पार्किंग हो जाती है। जिम्मेदार यहां की अवैध पार्किंग और बस अड्डे को नजरअंदाज करते हैं।
रुहेलखंड यूनिवर्सिटी के पास अवैध पार्किंग के साथ अवैध स्टैंड विकसित हो रहे हैं। हाईवे के दोनों ओर वाहनों की अवैध पार्किंग हादसों का खतरा बढ़ा रही है। एक ओर अनधिकृत वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है वहीं दूसरी ओर यहां कोई कार्रवाई नहीं हो रही।
पीलीभीत बाइपास पर कई स्थानों पर अधिकृत और अनधिकृत वाहन बाजार लगते हैं। इन वाहन बाजारों ने फुटपाथ तो पहले ही निगल लिया है। अब हाईवे किनारे की सर्विस लेन भी निगल रहे हैं। रात में भी बाजार की कारें हाईवे किनारे रोड पर खड़ी रहती हैं। इनसे हादसों का खतरा बना रहता है।
श्यामगंज से सेटेलाइट बस अड्डा तक सड़क के दोनों ओर वाहनों का कब्जा रहता है। मालियों की पुलिया से सेटेलाइट बस अड्डा तक सड़क के दोनों ओर कतार में खड़े होने वाले भारी वाहन कोहरे में काल बन सकते हैं। यहां एक पेट्रोल पंप पर भी अवैध पार्किंग कराई जाती है।
सड़क हादसों में मरने और घायल होने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। जिले में वर्ष 2022 के मुकाबले 2023 में जनवरी से नवंबर के बीच सड़क हादसों की संख्या में 27.25 फीसदी का इजाफा हुआ है। मरने वालों का आंकड़ा 6.94 फीसदी बढ़ा है जबकि घायल होने वालों के आंकड़े में 22.41 फीसदी का इजाफा हुआ है। इस वर्ष अक्तूबर में हादसों ने 35 और नवंबर में 41 जिंदगियां निगल लीं। प्रदेश में बढ़ते सड़क हादसों को लेकर पिछले दिनों मुख्यमंत्री भी चिंता जाहिर कर चुके हैं।
यातायात प्रबंधन और कोहरे में होने वाले हादसों पर अंकुश लगाने के संबंध में एसएसपी ने कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं। कोहरे के दौरान हादसे न हों इसके लिए सभी उपाय किए जा रहे हैं। अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई को नगर निगम को भी लिखा जाएगा, क्योंकि इसमें उसकी भी जिम्मेदारी बनती है। ट्रैफिक पुलिस के स्तर से भी व्यवस्था सुधारने के लिए कार्रवाई की जाएगी।- राम मोहन सिंह, एसपी ट्रैफिक
सौ फुटा रोड पर उद्यान कार्यालय के पास नाले का एक हिस्सा करीब एक महीने पहले धंस गया था। अस्थाई तौर पर यहां बेरीकेडिंग कर दी गई है, लेकिन अब नाले के बाद सड़क का काफी हिस्सा भी धंस गया है। यहां मामूली मोड़ होने के कारण सड़क का यह खतरा काफी पास पहुंचने के बाद ही नजर आता है।
सौ फुटा रोड पर काफी गहरा गड्ढा हो गया है। इसमें पानी भरने से धीरे-धीरे सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है और गड्ढे का दायरा भी बढ़ता जा रहा है। अक्सर दोपहिया वाहन चालक यहां गिरते हैं। कोहरे के सीजन में यह गड्ढा बड़ा खतरा साबित हो सकता है।



