Bareilly News: सट्टेबाजों से दोस्ती में एक चौकी प्रभारी निलंबित, दूसरा लाइनहाजिर
बरेली। भ्रष्टाचार के मामलों में एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने किला थाने की मलूकपुर चौकी के प्रभारी रिंकू सिंह को निलंबित और किला चौकी प्रभारी आशुतोष द्विवेदी को लाइनहाजिर किया गया है। सट्टेबाजों, जुआरियों से दोस्ती और चौकी में पार्टी होने की तस्दीक पर दोनों नपे हैं।
गोपनीय शिकायतों के लिए जारी नंबर पर आने वाली सूचनाओं की जांच में पता लगा कि दोनों चौकियों पर फरियादियों की शिकायतों पर गौर नहीं किया जाता। मलूकपुर चौकी इंचार्ज आशुतोष द्विवेदी को लेकर बताया गया कि इलाके के सट्टेबाज और जुआरी अक्सर चौकी में उनके साथ बैठते हैं और यहीं पर उनकी पार्टी होती है। चौकी के कुछेक सिपाहियों व आसपास के लोगों ने भी इसकी तस्दीक की। द्विवेदी के बारे में बताया गया कि वह बिना रिश्वत लिए कोई काम नहीं करते।
किला चौकी प्रभारी के खिलाफ भी इसी तरह के आरोप थे। दो दिन पहले एक लड़की ने भी किला चौकी में हंगामा किया था। एसएसपी ने गोपनीय जांच कराई तो अधिकतर आरोप सही साबित हुए। मलूकपुर चौकी प्रभारी के खिलाफ शिकायतों की ज्यादा प्रभावी तरीके से तस्दीक हुई। एसएसपी ने उन्हें निलंबित और किला चौकी प्रभारी को लाइनहाजिर कर दिया।
एसपी सिटी करेंगे थाना प्रभारी की भूमिका की जांच
किला थाने की दोनों चौकियों पर हो रहे खेल को लेकर थाना प्रभारी राजीव कुमार पर भी अंगुलियां उठ रही हैं। एसएसपी ने इन शिकायतों को लेकर एसपी सिटी राहुल भाटी को जांच सौंपी है। आरोपों की पुष्टि होने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है।
पहले पूरे थाने पर हो चुकी है कार्रवाई
तीन साल पहले किला थाने के सिपाहियों का ऑडियो वायरल हुआ था। इसमें सट्टेबाजों से रुपये के लेनदेन को लेकर चर्चा की जा रही थी। तत्कालीन एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने उस मामले में थाने व चौकियों के दरोगा व मुंशी समेत पांच लोगों को निलंबित किया था। बाद में इंस्पेक्टर मनोज कुमार भी कार्रवाई के शिकार हुए थे।
पांच पुलिसकर्मियों पर हाल ही में हुई कार्रवाई
सट्टबाजों से दोस्ती में बुधवार रात एसएसपी ने बारादरी थाने की जोगी नवादा चौकी के प्रभारी सुशील कुमार, कांकरटोला चौकी प्रभारी सुधीर कुमार, हेड कांस्टेबल परमानंद सिंह व मोहम्मद कामिल और कांस्टेबल मोहित पवार को लाइनहाजिर किया था। सूत्र बताते हैं कि कई और पुलिसकर्मियों की गोपनीय जांच चल रही है।
वर्जन
गोपनीय सूचनाओं व लिखित शिकायतों के आधार पर जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है। दोनों चौकी प्रभारियों की कार्यशैली को लेकर व अन्य तरह की शिकायतें आ रही थीं। – प्रभाकर चौधरी, एसएसपी



