Bareilly News: 366 करोड़ के बजट पर सैद्धांतिक सहमति आईवीआरआई की बढ़ेगी क्षमता, सुविधाएं
बरेली। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) इज्जतनगर और बंगलूरू परिसर जल्द अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे। इससे संबंधित 366 करोड़ रुपये के प्रस्ताव पर केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयर मंत्री परषोत्तम रूपाला ने सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है।
आईवीआरआई के निदेशक डाॅ. त्रिवेणी दत्त ने 36 करोड़ रुपये की लागत से संस्थान में बैचलर ऑफ वेटरनरी साइंस कोर्स और एनिमल हसबैंडरी शिक्षा के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित करने, 180 करोड़ रुपये से नेशनल वेटरनरी बायोलॉजिकल सेंटर की स्थापना और 150 करोड़ रुपये से बंगलूरू कैंपस में वेटरनरी बायोलॉजिकल क्वालिटी कंट्रोल टेस्टिंग सुविधा को बढ़ाने के प्रस्तावों को लेकर केंद्रीय मंत्री परषोत्तम रूपाला से मुलाकात की। केंद्रीय मंत्री ने सभी प्रस्तावों पर सैद्धांतिक सहमति जताई। आईवीआरआई को राष्ट्रीय जरूरतों के अनुसार कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
केंद्रीय मंत्री ने अभी प्रस्तावों पर सैद्धांतिक सहमति जताई है। अगर बजट जारी हुआ तो आईवीआरआई इज्जतनगर और बंगलूरू परिसर में टीके भी विकसित किए जा सकेंगे। बंगलूरू में खुरपका और मुंहपका टीकों का उत्पादन बढ़ेगा। आईवीआरआई इज्जतनगर में अत्याधुनिक गुड्स मैन्युफैक्चरिंग प्रैक्टिस लैब का निर्माण पूरा होने वाला है। इधर, नेशनल बायोलॉजिकल वेटरनरी सेंटर स्थापित होने से टीकों के विकास की संभावना बढ़ेगी। जांचें और सटीक होंगी।



