बरेली

Bareilly News: स्वास्थ्य केंद्रों में बढ़े मरीज, जिला और महिला अस्पताल में घटे

Connect News 24

बरेली। सरकारी स्वास्थ्य सेवा पर भरोसा कहें या निजी अस्पतालों में बन रहे मनमाने बिल, वजह कोई हो पर सरकारी अस्पतालों में अबकी साल रिकॉर्ड मरीज बढ़े हैं। अफसरों का दावा है कि स्थानीय स्तर पर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। वहीं, जिला और महिला अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों की तादाद घटी है। वजह, कुतुबखाना पुल निर्माण से आवाजाही में दिक्कत मानी जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से साल 2022 और 2023 के जनवरी से मार्च तक मरीजों का आंकड़ा जारी हुआ है। इसमें गंभीर मरीजों से इतर वायरल बुखार, डेंगू, मलेरिया संदिग्ध, सांस और त्वचा रोग समेत अन्य संचारी रोग इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीज शामिल हैं। साल 2023 के जनवरी से मार्च तक के आंकड़ों पर गौर करें तो जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में 64 हजार मरीज बढ़े हैं। जबकि बीते साल के आंकड़ों की तुलना में तिमाही जनवरी, फरवरी और मार्च में जिला अस्पताल में 115891 मरीज इलाज कराने पहुंचे। साल 2022 में इसी दरम्यान 134176 मरीजों ने इलाज कराया था। मानकों के अनुसार आबादी बढ़ने के साथ मरीजों की तादाद हर साल दो से तीन फीसदी बढ़ती है।

महिला अस्पताल में इस साल 18289 का पंजीकरण

तीन माह के दौरान जिला महिला अस्पताल में भी इलाज के लिए पहुंचने वाली गर्भवती और अन्य महिलाओं की तादाद भी कम हुई है। पिछले साल महिला अस्पताल में 21563 मरीजों ने इलाज कराया था जो इस साल 18289 पंजीकरण रहा। करीब चार हजार महिला मरीजों के पंजीकरण कम हुआ है। सीएमएस डॉ. पुष्पलता ने स्थानीय स्तर पर मिल रही प्रसव संबंधी सेवाएं और पुल निर्माण की बाधा वजह मानी है।

तीन सौ बेड अस्पताल में शिफ्ट हुई ओपीडी

जिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. अलका शर्मा के मुताबिक जिला अस्पताल की एएनसी, रैबीज, आई और डेंटल ओपीडी तीन सौ बेड अस्पताल में भी संचालित होने से संंबंधित मरीज वहीं पहुंच रहे हैं। पुल निर्माण के चलते कुछ दिन तक ओटी के मरीजों को पुराने भवन में शिफ्ट करने और एंबुलेंस आवाजाही में परेशानी रहीं पर अब कोई अड़चन नहीं है।

ताकि मरीजों को दौड़ भाग से मिली निजात

सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह के मुताबिक पूर्व में सीएचसी और पीएचसी से कई मरीजों को जिला अस्पताल रेफर श्या जा रहा था। प्रकरण पर स्थानीय स्तर पर सेवाएं मुहैया कराने का प्रयास किया गया। नियमित निरीक्षण और निगरानी से स्टाफ की मनमानी पर अंकुश लगा। गर्भवती महिलाओं के इलाज समेत अन्य सेवाएं नजदीक मिलने से भी मरीजों की आवाजाही शहर में कम होने की संभावना है।

क्या कहते हैं आंकड़े

साल 2022 में जिला अस्पताल में 134176, सीएचसी पर 263770, महिला चिकित्सालय में 21563 मरीज इलाज के लिए पहुंचे थे। साल 2023 में क्रमवार 115891, 346349, 18289 मरीज इलाज के लिए पहुंचे थे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button