Bareilly News: होटल में रेलवेकर्मी और प्रेमिका से अभद्रता, वीडियो वायरल
बरेली। जंक्शन के पास एक होटल में प्रेमिका के साथ पहुंचे रेलवेकर्मी युवक को संगठन के लोगों ने पकड़ लिया। दोनों से अभद्रता की गई। इसका वीडियो वायरल हो रहा है। पुलिस को जांच में ऐसे साक्ष्य मिले हैं, जिससे लग रहा है कि होटल प्रबंधन ने ही संगठन के लोगों को बुलाया था। प्रभारी एसएसपी ने उनके खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया है।
सुभाषनगर पुलिया ढलान के पास बने होटल (गेस्ट हाउस) में रविवार को शाहजहांपुर में तैनात रेलवे कर्मचारी प्रेमिका को लेकर पहुंचा। लड़की शाहजहांपुर में ही पढ़ाई कर रही है। दोनों ने अपनी आईडी जमा करके एक कमरा ले लिया। थोड़ी ही देर बाद एक धार्मिक संगठन के लोग होटल पहुंच गए और कमरा खुलवाया। आरोप लगाया कि रेल कर्मचारी व उसकी प्रेमिका आपत्तिजनक स्थिति में मिले।
संगठन के लोगों ने इनसे सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने अपना नाम-पता बताया। बाद में संगठन के लोगों ने कॉल करके लड़की के घरवालों को बुलाकर उनके हवाले कर दिया। लड़के को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
दो समुदायों का मामला होने से गरमाया प्रकरण
रेलकर्मी और उसकी प्रेमिका दोनों अलग समुदाय के थे। इसलिए संगठन के लोग वीडियो में काफी गुस्साए हुए लग रहे हैं। वह लड़के से पूछ रहे हैं कि उसका मकसद क्या है, वह किस संगठन के लिए काम कर रहा है। उन्होंने उसके मोबाइल में मौजूद पंद्रह वीडियो का हवाला देते हुए सवाल दागे कि इनमें कौन लड़कियां हैं। संगठन के ही सोशल मीडिया ग्रुपों में इस वीडियो को प्रसारित किया गया।
सुभाषनगर पुलिस ने शुरू की जांच
सुभाषनगर थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने मामले की जांच सुभाषनगर चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह को दी है। इंस्पेक्टर और चौकी प्रभारी ने होटल में जाकर प्रेमी युगल की आईडी व अन्य रिकॉर्ड चेक किया। इसमें दोनों बालिग साबित हुए। तब होटल प्रबंधन से पूछा गया कि संगठन को इतनी जल्दी सूचना कैसे मिल गई। इस बारे में कुछ मोबाइल नंबर भी सर्विलांस पर लगाए गए हैं। पुलिस ने रेलकर्मी और उसकी प्रेमिका को भी कॉल करके जानकारी लेनी चाही पर वह घबराए हुए लग रहे हैं और बात करने से बच रहे हैं।
जांच में पता लगा है कि प्रेमी युगल बालिग था। ऐसे में उनके साथ अभद्रता करने की बात समझ से परे है। प्रेमप्रसंग को दो समुदायों का मामला बनाकर तूल देने की कोशिश की गई। यह भी संदेह है कि किसी वजह से होटल के लोगों ने ही संगठन को सूचना देकर माहौल बनाने का प्रयास किया। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -राहुल भाटी, प्रभारी एसएसपी


