बरेली

Bareilly News: 22 की जगह आठ घंटे ही मिल रही बिजली

Connect News 24

फरीदपुर। कस्बे में 22 घंटे की जगह आठ घंटे ही बिजली मिल रही है। फॉल्ट के नाम पर दिन में कई बार बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। बिजली की अघोषित कटौती का मुद्दा शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में भी उठा। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने एसडीएम निधि डोंडवाल को ज्ञापन सौंपकर आपूर्ति में सुधार कराने की मांग की।

तहसील पहुंचे कार्यकर्ताओं ने बताया कि तहसील मुख्यालय को 22 घंटे बिजली आपूर्ति देने का आदेश है मगर आठ घंटे की आपूर्ति नहीं मिल रही। फॉल्ट के नाम पर दिन में कई-कई घंटे के लिए बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। सबस्टेशन पर फोन करने पर सही जानकारी भी नहीं दी जाती। कई बार कर्मचारी कॉल रिसीव नहीं करते। अगर कॉल उठाई भी जाती है तो जल्द आपूर्ति सही करने का आश्वासन देकर कॉल काट देते हैं।

मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव ने बताया कि कस्बे में जगह-जगह बिजली के तार जर्जर है। शिकायत के बाद भी इन्हें ठीक नहीं कराया जा रहा। बिजली कर्मचारियों की मनमानी का खामियाजा उपभोक्ताओं को उठाना पड़ता है। एसडीएम ने जल्द सुधार का भरोसा दिया। यहां कुल 44 शिकायते आईं। इनमें से चार का ही मौके पर निस्तारण हुआ।

आंवला में भी बिजली कटौती को लेकर शिकायतें आईं। बिजली निगम के अधिकारियों ने जल्द सुधार का भरोसा दिया। यहां कुल 34 फरियादी शिकायत लेकर पहुंचे। इनमें से चार का ही मौके पर निस्तारण हुआ। बहेड़ी तहसील में नायब तहसीलदार प्रीति की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। यहां कुल 38 शिकायतें आईं। चार का ही निस्तारण हुआ।

33 शिकायतें आईं, एक का भी नहीं हुआ निस्तारण

नवाबगंज। संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को कुल 33 शिकायतें आईं। इनमें से एक का भी मौके पर निस्तारण नहीं हुआ। एसडीएम राजेश चंद्रा की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंची बहाेरनगला गांव की कलावती ने बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले जमीन खरीदी थी। इस जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। खंड विकास अधिकारी महेश चंद्र शाक्य, भगवानदास, खंड शिक्षाधिकारी विवेक शर्मा, सहकारी समिति सचिव मेघा चर्तुवेदी, कोतवाल राजीव कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद

शिकायत निस्तारित करने के बाद फीडबैक भी लें

मीरगंज। तहसील सभागार में शनिवार को डीएम शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। यहां कुल 38 शिकायतें आईं। डीएम ने सभी शिकायतों का समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिस शिकायत का निस्तारण किया जाये, उस शिकायत से संबंधित शिकायतकर्ता संतुष्ट है या नहीं इसकी भी जानकारी ली जाए।

तहसील पहुंचे मोहम्मद आबिद ने बताया कि दिव्यांग पेंशन के लिए दो साल पहले आवेदन किया था। अब तक उन्हें पेंशन नहीं मिली है। दियोरिया अब्दुल्लागंज के ग्रामीणों ने चुरई मोड़ से लभेड़ा दुर्गाप्रसाद तक जाने वाली सड़क का मुद्दा उठाया। कहा कि इस रोड से चंदनखेड़ा, अब्दुल्लागंज, सलामतगंज, अजमतगंज, धंतिया, दियोरिया, लभेड़ा दुर्गाप्रसाद, सिमरिया, छोटी सिमरिया, मदनापुर, रम्पुरा किसान आदि गांव जुड़े हैं। सड़क खस्ताहाल है। शिकायत के बाद भी मरम्मत नहीं हो रही। डीएम ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को सड़क गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए। एसएसपी घुले सुशील चन्द्रभान, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) संतोष बहादुर सिंह, पीडी डीआरडीए तेजवंत सिंह, डीपीआरओ धर्मेन्द्र कुमार आदि मौजूद रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button