Bareilly News: इंटरनेट कंपनी के ग्राहकों का डाटा चोरी, सात नामजद
बरेली। इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनी डेन के साथ धोखाधड़ी कर कुछ लोगों ने उसके ग्राहकों का डाटा चुरा लिया और कंपनी के उपकरण हड़प लिए। कंपनी की ओर से सात लोगों के खिलाफ इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
दूरसंचार क्षेत्र की कंपनी शहर में डेन नाम के जरिये इंटरनेट सेवा प्रदान करती है। कंपनी ने अपने प्रचार प्रसार के लिए सिमरन एजेंसी से करार किया था। प्रचार प्रसार में इस्तेमाल होने वाले पंद्रह लाख रुपये कीमत के उपकरण भी सौंपे गए थे। कंपनी के शहर में दो कार्यालय हैं। एक कार्यालय बटलर प्लाजा, जबकि दूसरा स्टेडियम रोड पर है।
आरोप है कि हमलावर कंपनी के दोनों दफ्तरों में घुस गए और कंपनी के ओएलटी सिग्नल काट दिए। आरोपियों ने अपने साथी की कंपनी के सिग्नल जोड़ दिए। डेन कंपनी के पूरे नेटवर्क का अपहरण कर लिया गया। डेन कंपनी के ग्राहकों का डाटा भी चुरा लिया गया। कंपनी ने ग्राहकों को जोड़ने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए थे। कंपनी का पूरा नेटवर्क आरोपियों ने बर्बाद कर दिया। कंपनी के लोगों ने जब विरोध किया तो आरोपियों ने अभद्रता कर गोली मारने की धमकी दी।
कंपनी का डाटा हैक करने और उसके उपकरणों को चुराने के मामले में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। डेन कंपनी के संचालक इज्जतनगर क्षेत्र निवासी दिगंबर पाठक की ओर से देवेंद्र सिंह, हरजिंदर सिंह, अंजन जैन, मनप्रीत सिंह, सुरेश बकरिया और रत्नाकर शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट कराई गई है। इस मामले में नामजद आरोपियों से बात करने का प्रयास किया पर संपर्क नहीं हो सका। इज्जतनगर इंस्पेक्टर अरुण श्रीवास्तव का कहना है कि मामले में विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।


