बरेली

Bareilly News: जोगी नवादा में अब ईद मिलादुन्नबी जुलूस के रूट पर रार

Connect News 24

बरेली। जोगी नवादा में सावन के बाद फिर माहौल कुछ तल्ख हुआ है। कांवड़ यात्रा निकालने से वंचित लोग अब ईद मिलादुन्नबी पर अंजुमन निकालने वालों से अनुमति पत्र दिखाने को कह रहे हैं। हालांकि, पुलिस व प्रशासन बैठकें कर दोनों पक्षों में सहमति बनाने में जुटा है।

चक महमूद में सावन में कांवड़ यात्रा निकालने को लेकर दो समुदायों में मनमुटाव हुआ था। इसके चलते उस वक्त यहां दो बार बवाल भी हुआ। नतीजा ये निकला कि आखिरी सोमवार तक विवादित रास्ते पर होकर कांवड़ यात्रा नहीं निकाली जा सकी। इसके लिए अनुमति न होने की बात आड़े आई थी। वहीं, अब ईद मिलादुन्नबी जुलूस में 27 व 28 सितंबर को अंजुमन जुलूस निकाले जाएंगे। प्रस्तावित मार्ग पीपल वाली मौर्य गली को लेकर इस बार दूसरे पक्ष ने आपत्ति कर दी है।

00

इत्तेहादे मिल्लत के जुलूस की ही अनुमति, बाकी परंपरागत

– अंजुमनों के जुलूस को लेकर अनुमति न होने की बात को लेकर तरह-तरह के तर्क दिए जा रहे हैं। दरअसल, जिले भर में साल में करीब साढ़े चार सौ जुलूस व शोभायात्रा निकलती हैं, इनमें से करीब पौने दो सौ की अनुमति नहीं होतीं, वह परंपरागत श्रेणी में मानी जाती हैं और थाने के रजिस्टर में इनका उल्लेख होता है। इसी तरह मुन्ना खां के नीम से शुरू होने वाले इत्तेहादे मिल्लत मुसलेमीन के मुख्य जुलूस की अनुमति है, बाकी करीब 90 अंजुमन इस जुलूस में मिलती हैं जिनमें से अधिकांश को परंपरागत माना जाता है।

00

बैठक में दिए तर्क, शोर करने पर चेताया

– चक महमूद से निकलने वाली चारों अंजुमनों को भी परंपरागत बताया जा रहा है। हाजी दिलगीर, शौकीन व इमरान आदि अंजुमन संचालकों व बुजुर्गों ने बारादरी थाने में अधिकारियों के साथ हुई बैठक में बताया कि कई वर्षों से मौर्या गली से होकर उनकी अंजुमन निकल रही है। इस बार आला हजरत दरगाह से ऐलान हुआ है कि डीजे न बजाया जाए। वह लोग शांतिपूर्वक तरीके से अंजुमन लेकर निकलेंगे। सीओ तृतीय आशीष प्रताप सिंह व इंस्पेक्टर हिमांशु निगम ने साफ कहा कि परंपरागत तरीके से जो होता रहा है, वही होगा। नई परंपरा किसी को नहीं डालने दी जाएगी।

00

26 अंजुमनों की डीजे की अनुमति रद्द

– तीन दिन पहले ही डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक में जहां दरगाह के प्रतिनिधि व आयोजन की मुख्य संस्था ने डीजे न बजाने को लेकर बात रखी थी वहीं 26 अंजुमन कमेटी की ओर से डीजे बजाने की अनुमति मांगी। तर्क दिया कि इसके लिए काफी तैयारी और खर्चा हो चुका है। सिटी मजिस्ट्रेट ने इन सभी अनुमति आवेदनों को रद्द कर दिया है। बावजूद कुछ अंजुमन ईंट पजाया चौराहे से डीजे बजाने की बात कह रही हैं। प्रदेश सरकार के एक आदेश को आधार बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस इस मामले में सख्त है। एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि डीजे को लेकर कोई अनुमति नहीं दी है, ऐसा करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button