Bareilly News: अपनी हरकतों से महकमे की फजीहत कराते रहे हैं खाकी वाले
बरेली। पुलिसवाले अपनी हरकतों से पहले भी विभाग की फजीहत करा चुके हैं। बहेड़ी थाने में एक महिला सिपाही को लेकर सिपाहियों के बीच गोली चली थी। भोजीपुरा थाने में तैनात रहे एक सिपाही एक छात्रा की शिकायत पर निलंबित हो चुका था। फतेहगंज पूर्वी थाने में तैनात रहे इंस्पेक्टर का एक महिला सिपाही के साथ अश्लील बातों की रिकॉर्डिंग वायरल हुई थी।
इसी साल मार्च में भोजीपुरा में तैनात रहे एक सिपाही ने विधि छात्रा को उसके फोन पर अश्लील मेसेज भेजे थे। वह छात्रा का पीछा करता था और उसे उन स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भेजता था, जहां भी वह जाती थी। कई बार समझाने की कोशिश की। बाद में पुलिस लाइन में तैनात रहा सिपाही अपनी हरकतों से नहीं माना। परेशान होकर छात्रा ने एसएसपी से सिपाही की शिकायत की तो उसे निलंबित कर दिया था। कोतवाली में छात्रा की तरफ से मुकदमा दर्ज कर सिपाही को जेल भी भेजा गया था।
पिछली साल दो सिपाही महिला सिपाही को लेकर बहेड़ी थाने में ही भिड़ गए थे। पहले दोनों के बीच महिला सिपाही के घर के बाहर मारपीट, फिर थाने में झड़प हो गई। बात इतनी आगे बढ़ गई कि एक सिपाही ने सरकारी रिवाल्वर से गोलियां चला दीं। गनीमत रही कि गोली किसी को लगी नहीं। एसएसपी ने घटना को छुपाने के आरोप में इंस्पेक्टर और तीन सिपाहियों को निलंबित कर दिया था।
फतेहगंज पूर्वी में तैनात रहे एक इंस्पेक्टर का भी ऑडियो वायरल हुआ था। इसमें वह थाने में तैनात महिला सिपाही के साथ ही अश्लील बातें कर रहा था। इंस्पेक्टर और महिला सिपाही की रिकार्डिंग वायरल होने के बाद इंस्पेक्टर को लाइनहाजिर कर दिया था।



